जालौन में गौवंश संरक्षण को नई मजबूती, स्वयं सहायता समूहों और संस्थाओं को सौंपी गई गौशालाओं की जिम्मेदारी
जालौन में गौवंश संरक्षण और गौशालाओं के बेहतर संचालन की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया। विकास भवन स्थित रानी लक्ष्मीबाई सभागार में आयोजित कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश गो-सेवा आयोग के अध्यक्ष श्याम बिहारी गुप्ता, सदस्य राजेश सिंह सेंगर और जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने विभिन्न स्वयं सहायता समूहों, संस्थाओं और एनजीओ को स्थायी एवं अस्थायी गो-आश्रय स्थलों के संचालन की जिम्मेदारी सौंपी।
कार्यक्रम के दौरान चयनित संस्थाओं को प्रमाण पत्र प्रदान कर गौशालाओं का संचालन औपचारिक रूप से हस्तांतरित किया गया। इस पहल को मुख्यमंत्री के गौवंश संरक्षण विजन को जमीन पर उतारने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।
कई स्वयं सहायता समूहों और संस्थाओं को अलग-अलग गौशालाओं की जिम्मेदारी दी गई। इनमें बड़ी माता महिला स्वयं सहायता समूह, पलक स्वयं सहायता समूह, सेवा संकल्प, बांके बिहारी स्वयं सहायता समूह, गिरवा स्वयं सहायता समूह, मां संकटा स्वयं सहायता समूह, ओरछा धाम संस्था, मां जगत जननी सेवा समिति, भारतीय मानवाधिकार फाउंडेशन, जय मां काली महिला स्वयं सहायता समूह, आनंदी महिला स्वयं सहायता समूह, जय सिद्ध बाबा महिला स्वयं सहायता समूह, अन्ना चैरिटेबल फाउंडेशन और यशोदा गौशाला सेवा संस्थान शामिल रहे।
गो-सेवा आयोग के अध्यक्ष श्याम बिहारी गुप्ता ने कहा कि गौसेवा केवल जिम्मेदारी नहीं बल्कि भारतीय संस्कृति, आस्था और संवेदनाओं का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि स्वयं सहायता समूहों और सामाजिक संस्थाओं की भागीदारी से गौशालाओं की व्यवस्थाएं मजबूत होंगी और गोवंशों को बेहतर संरक्षण मिलेगा।
वहीं आयोग के सदस्य राजेश सिंह सेंगर ने कहा कि प्रभावी संचालन से निराश्रित गोवंश की समस्या कम होगी और ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार व सामाजिक सहभागिता को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने गौशालाओं को आत्मनिर्भर मॉडल के रूप में विकसित करने पर जोर दिया।
जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने अधिकारियों और संस्थाओं को निर्देश दिए कि गौशालाओं में चारा, पानी, साफ-सफाई, छाया और चिकित्सीय सुविधाएं नियमित रूप से सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने कहा कि संस्थाओं की सहभागिता से पारदर्शिता और गुणवत्ता दोनों बढ़ेंगी तथा जनपद में गौवंश संरक्षण को नई दिशा मिलेगी।
कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी केके सिंह, डीसी मनरेगा रामेन्द्र सिंह, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी मनोज अवस्थी, डीडीओ निशांत पाण्डेय सहित कई अधिकारी, स्वयं सहायता समूहों के प्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
ब्यूरो रिपोर्ट नीरज सिंह तोमर फोन नम्बर 8840036243

