जालौन में खाद्य विभाग की बड़ी कार्रवाई, घी-तेल के कई नमूने जांच के लिए भेजे गए
जालौन में मिलावटी खाद्य पदार्थों पर शिकंजा कसते हुए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने जिले के अलग-अलग बाजारों में छापेमारी कर घी और खाद्य तेल के नमूने एकत्र किए। यह कार्रवाई आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन लखनऊ और जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय के निर्देश पर सहायक आयुक्त (खाद्य) डॉ. जतिन कुमार सिंह के नेतृत्व में की गई।
अभियान के दौरान कालपी तहसील के टरननगंज स्थित दीपक ट्रेडर्स से रुचि गोल्ड पामोलीन ऑयल का नमूना लिया गया। वहीं जालौन तहसील के ज्वालागंज में पुरवार एंड संस से वनस्पति घी, राम मोहन के प्रतिष्ठान से पारस घी तथा बृज नारायण कुलदीप कुमार की दुकान से राग गोल्ड ब्रांड रिफाइंड पामोलीन तेल का सैंपल संग्रहित किया गया।
इसके अलावा कोंच तहसील के मियांगंज में राकेश कुमार मित्तल के प्रतिष्ठान से महाकोष रिफाइंड सोयाबीन ऑयल का नमूना लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है।
खाद्य विभाग ने साफ किया है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद यदि किसी भी खाद्य पदार्थ में मिलावट या मानकों में कमी पाई जाती है, तो संबंधित कारोबारियों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
सहायक आयुक्त डॉ. जतिन कुमार सिंह ने बताया कि आमजन को शुद्ध और सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यह अभियान लगातार चलाया जा रहा है। त्योहारों को देखते हुए जिले के विभिन्न बाजारों में निरीक्षण और सैंपलिंग की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
इस दौरान मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी विनोद कुमार राय सहित खाद्य सुरक्षा अधिकारी कन्हैया लाल यादव, सुनील कुमार और महेश प्रसाद मौजूद रहे।
ब्यूरो रिपोर्ट नीरज सिंह तोमर फोन नम्बर 8840036243

