Type Here to Get Search Results !

फिरौती न मिलने पर मासूम की हत्या, इलाके में दहशत

India100news 0

 फिरौती न मिलने पर मासूम की हत्या, इलाके में दहशत 


#हरदोई। मल्लावां थाना क्षेत्र के मटियामऊ गांव में सात वर्षीय मासूम अबू स्वालेह की अपहरण के बाद हत्या कर दिए जाने से इलाके में सनसनी फैल गई है। परिजनों के अनुसार, बच्चा 1 मई की शाम गांव में लगे उर्स मेले में गया था, जहां से वह लापता हो गया। काफी तलाश के बाद 2 मई को पुलिस को सूचना दी गई, जिस पर गुमशुदगी का मामला दर्ज किया गया।


बताया गया कि 3 मई को अपहरणकर्ताओं ने बच्चे के पिता अकील को फोन कर कानपुर बुलाया और बच्चे को सकुशल छोड़ने के बदले 7 लाख रुपये की फिरौती मांगी। इस दौरान आरोपियों ने ऑनलाइन 100 रुपये भी ट्रांसफर करवाए। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू की और कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की।



मंगलवार को गांव के बाहर मक्के के खेत में खुदे गड्ढे से मासूम का शव बरामद हुआ। शव के चेहरे और सिर पर चोट के निशान मिले हैं, जिससे आशंका जताई जा रही है कि हत्या के बाद साक्ष्य छिपाने के लिए शव को दफना दिया गया। शव मिलने की खबर से गांव में आक्रोश फैल गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए कई थानों की पुलिस और पीएसी तैनात की गई है।


एएसपी पूर्वी सुबोध गौतम ने बताया कि 2 मई को वादी अकील पुत्र समीदुल हसन निवासी मटियामऊ द्वारा थाना मल्लावां में तहरीर दी गई थी। पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर दो टीमें गठित की थी। 5 मई को बालक का शव गांव के बाहर मक्के के खेत में मिला। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए हैं और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

#TheTelecast/Uvaid Khan

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

About Us