**तख्त की बनाई चिता, घी और पूजा सामग्री डालकर लगाई आग**
--पहले सोते समय सिर पर पाइप से किया वार
--खुदागंज के सुथा गांव में दो साधुओं की हत्या का मामला
--आरोपी ने पुलिस को बताई वारदात की कहानी, आधे जलने तक मौके पर खड़ा रहा
शाहजहांपुर। खुदागंज थाना क्षेत्र के सुथा गांव में दो साधुओं की हत्या के मामले में पुलिस पूछताछ में चौंकाने वाली जानकारी सामने आई है। पुलिस के अनुसार आरोपी सुमित सिंह वारदात से पहले करीब आधे घंटे तक दोनों साधुओं के पास सोया था। इसके बाद उसने लोहे की पाइप से सोते समय पहले एक साधु के सिर पर वार किया और फिर दूसरे की हत्या कर दी। दोनों की मौत के बाद शवों को तख्त पर लिटाकर आग लगा दी। पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित ने बताया कि प्रथम दृष्टया सामने आया है कि आरोपी ने मजबूत शरीर वाले बाबा गोपाल दास के सिर पर लोहे की पाइप से वार किया। इसके बाद दिव्यांग बाबा बिहारी दास को निशाना बनाया। घटनास्थल पर खून के निशान भी मिले हैं। पुलिस के मुताबिक हत्या के बाद आरोपी ने दोनों शवों को मंदिर परिसर में रखे तख्त पर लिटाया।
!!तख्त की चिता बनाई, घी और पूजा सामग्री डालकर लगा दी आग!!
पुलिस के अनुसार आरोपी ने मंदिर में रखा घी, पूजा का सामान, धूपबत्ती, हवन सामग्री और कपड़े आदि शवों के ऊपर डाल दिए। इसके बाद आग लगा दी। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह तब तक मौके पर मौजूद रहा, जब तक दोनों साधुओं के शरीर काफी हद तक जल नहीं गए। इसके बाद वह वहां से चला गया और अपने घर जाकर सो गया। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह कुछ दिन पहले ही जेल से छूटकर आया था। उसका कहना था कि मंदिर में श्रद्धालु साधुओं के लिए भोजन, मिठाई और रुपये लेकर आते हैं। इसी कारण उसका मन मंदिर में रहने का था। हालांकि दोनों साधुओं की मौजूदगी के कारण वह वहां नहीं रह पा रहा था। पुलिस के अनुसार दिव्यांग होने के कारण बाबा बिहारी दास ज्यादातर हर समय मंदिर में ही रहते थे। वहीं बाबा गोपाल दास आसपास के क्षेत्रों में कथा और पंडिताई के काम से जाते थे और शाम को मंदिर लौट आते थे। पुलिस के मुताबिक जेल से छूटने के बाद से ही सुमित सिंह आए दिन दोनों साधुओं को धमकाता था। एक बार बाबा का मोबाइल फोन भी उठा ले गया था बाद वापस भी कर दिया था। इसी विवाद और मंदिर में रहने की इच्छा को वारदात की वजह के तौर पर देखा जा रहा है। पुलिस मामले में आरोपी से पूछताछ के साथ घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।
MYogiAdityanath
Suresh Kumar Khanna
DM Shahjahanpur
UP Police
Dig Range Bareilly
Dig Range Bareilly
Neeraj Kushwaha Maurya


