पत्नी से गहने छिपाने को रची 20 लाख की चोरी की झूठी कहानी, 24 घंटे में पुलिस ने किया पर्दाफाश
फर्रुखाबाद। पत्नी से गहने छिपाने के लिए युवक ने करीब 20 लाख रुपये की चोरी की झूठी कहानी रच डाली। डायल-112 पर सूचना देकर पुलिस को गुमराह करने वाले आरोपी की करतूत का जहानगंज पुलिस ने 24 घंटे के भीतर पर्दाफाश कर दिया। पुलिस ने आरोपी प्रदीप कुमार उर्फ रिंकू निवासी महरूपुर खार को गिरफ्तार कर उसकी निशानदेही पर करीब 20 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवर और चोरी की कहानी गढ़ने में इस्तेमाल किया गया लोहे का सब्बल बरामद किया है। पुलिस के अनुसार प्रदीप कुमार ने डायल-112 पर सूचना दी थी कि उसके घर में चोरी हो गई है और अज्ञात चोर करीब 20 लाख रुपये के जेवरात व नकदी चोरी कर ले गए हैं। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। घटनास्थल के निरीक्षण के दौरान पुलिस को कई ऐसे तथ्य मिले, जिनसे चोरी की घटना संदिग्ध प्रतीत हुई। पुलिस ने जब आरोपी से कड़ाई से पूछताछ की तो उसने पूरी सच्चाई बता दी। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी की पत्नी गहने लेकर मायके गई थी। बाद में दोनों के बीच विवाद हुआ तो पत्नी गहने लेकर वापस घर आ गई। आरोपी इन गहनों को पत्नी से छिपाना चाहता था। इसी के चलते उसने चोरी की झूठी साजिश रची और अलमारी का ताला खुद लोहे के सब्बल से तोड़ दिया। इसके बाद डायल-112 पर चोरी की सूचना देने के साथ ही उसने मीडिया को भी चोरी की झूठी जानकारी दे दी।पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घर के पास बड़े बक्से के नीचे छिपाकर रखे गए सोने-चांदी के जेवर बरामद कर लिए। बरामद जेवरात की अनुमानित कीमत करीब 20 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त लोहे का सब्बल भी बरामद किया है। झूठी सूचना देकर पुलिस को गुमराह करने और साक्ष्यों से छेड़छाड़ करने के आरोप में आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस उसके आपराधिक इतिहास की भी जांच कर रही है।

