अमेठी में बाईपास के समीप फायरिंग से सनसनी।

 अमेठी में बाईपास के समीप फायरिंग से सनसनी।


कोतवाली अमेठी में दी गई तहरीर के मुताबिक यश तिवारी पुत्र अजय तिवारी निवासी बंदोइया मुंशीगंज ने बताया लखनऊ से अपनी स्कॉर्पियो से अमेठी आ रहे थे, उन्होंने अमेठी स्थित अपने आवास के निकट शगुन ऑटोमोबाइल के पास करीब 4:50 बजे अपनी गाड़ी रोक दी। इसी दौरान पीछे चल रही स्कॉर्पियो भी आकर उनके सामने रुक गई। तहरीर में आरोप लगाया गया है कि वाहन में सवार लोगों ने गाड़ी से उतरकर उनके साथ मारपीट की और जान से मारने की नीयत से फायरिंग की।



तहरीर के अनुसार आरोपितों ने पीड़ित की कार के शीशे को फोड़ने का प्रयास किया, इसी दौरान एक व्यक्ति ने उसके कान के पास से फायर कर दिया। पीड़ित ने किसी तरह वहां से निकलकर अपनी जान बचाई। शोर-शराबा होने पर आसपास के लोग एकत्र होने लगे तो आरोपित कथित रूप से मौके से भाग निकले।


पीड़ित ने तहरीर में बताया है कि आरोपितों में सूरज सोनी पुत्र शिवकुमार सोनी, शुभम गुप्ता उर्फ शाकाल पुत्र अज्ञात, शिवपूजन चौरसिया उर्फ शेखू पुत्र कामता प्रसाद चौरसिया समेत अन्य लोग शामिल थे। तहरीर के अनुसार आरोपितों ने पीड़ित को जान से मारने की धमकी भी दी है ।


यश तिवारी ने पुलिस को यह भी बताया कि घटना के दौरान आदर्श तिवारी पुत्र संजय तिवारी, निवासी ग्राम मोतीराम का पुरवा, मजरे हथिकला, अपनी गाड़ी से वहां से गुजर रहे थे। आरोप है कि हमलावरों ने उनकी गाड़ी का भी पीछा किया और गौरीगंज की तरफ भाग गए।


पीड़ित ने पुलिस से अपने और परिवार के जान-माल की सुरक्षा की मांग की है।


घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर डायल 112 पहुंच गई। डायल 112 की सूचना पर अमेठी कोतवाली पुलिस भी पहुंची और मामले की जांच में जुट गई है।

Post a Comment

और नया पुराने