30 नवंबर तक कार्य पूर्ण कराया जाए...सिंह
भगवान परशुराम मंदिर के पर्यटन विकास एवं सौंदर्यीकरण कार्य का जिलाधिकारी ने किया निरीक्षण
शाहजहांपुर भगवान परशुराम मंदिर, परशुरामपुरी, शाहजहांपुर के समेकित पर्यटन विकास एवं सौंदर्यीकरण कार्य का जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने शनिवार को पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित के साथ स्थलीय निरीक्षण किया। भगवान परशुराम मंदिर के समेकित पर्यटन विकास एवं सौंदर्यीकरण परियोजना की कुल लागत 18.59 करोड़ रुपये से निर्माण कार्य चल रहा है। जिसके सापेक्ष कार्यदायी संस्था को वर्तमान में 13.705 करोड़ रुपये की धनराशि प्राप्त हो चुकी है। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने निर्माणाधीन विभिन्न कार्यों की प्रगति का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान सत्संग भवन में फॉल सीलिंग एवं फायर संबंधी कार्य प्रगति पर पाया गया। वहीं सत्संग भवन की दीवारों पर स्टोन क्लैडिंग का कार्य भी कराया जा रहा था। जिलाधिकारी ने मुख्य मंदिर के आसपास रिटेनिंग वॉल एवं कॉलम निर्माण की प्रगति का भी अवलोकन किया।
जिलाधिकारी ने संबंधित कार्यदायी संस्था के अधिकारियों को निर्देशित किया कि सत्संग भवन, अन्य निर्माणाधीन भवन तथा मुख्य मंदिर के आसपास चल रहे निर्माण कार्यों में दिन रात तेजी लाते हुए 30 नवंबर तक कार्य पूर्ण कराया जाए, ताकि पूर्ण हो चुके कार्यों को आंशिक रूप से हैंडओवर किया जा सके।
निरीक्षण के दौरान कार्यदायी संस्था के अधिकारी एवं संबंधित कर्मचारी मौके पर उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें