दहेज हत्या के मुकदमे में 75 साल की महिला गिरफ्तार, पंखी चौराहे से दबोची गई
प्लॉट और सोने की चेन की मांग को लेकर विवाहिता को प्रताड़ित करने का आरोप, सात लोगों के खिलाफ दर्ज है मुकदमा
शाहजहांपुर। दहेज हत्या के मुकदमे में सदर बाजार पुलिस ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए 75 वर्षीय महिला को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मुकदमे में वांछित धूपकली पत्नी रामकुमार को पंखी चौराहे से गिरफ्तार किया। महिला पर विवाहिता को अतिरिक्त दहेज के लिए प्रताड़ित करने के मामले में शामिल होने का आरोप है।
पुलिस के मुताबिक, 27 सितंबर को मृतका की मां ने सदर बाजार थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि उसकी बेटी से अतिरिक्त दहेज में एक प्लॉट और सोने की चेन की मांग की जा रही थी। मांग पूरी न होने पर उसकी हत्या किए जाने का आरोप लगाया गया। तहरीर के आधार पर पुलिस ने पवन शर्मा समेत सात आरोपियों के खिलाफ धारा 80(2), 85 बीएनएस और 3/4 दहेज प्रतिषेध अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया था।मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी में जुटी थी। बुधवार को पुलिस को सूचना मिली कि मुकदमे में वांछित धूपकली पंखी चौराहे पर मौजूद है। सूचना मिलते ही उपनिरीक्षक नितिन कुमार और महिला आरक्षी शारदा ने मौके पर पहुंचकर उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार महिला तिलहरजई मोहल्ले की निवासी है और उसकी उम्र 75 वर्ष है। पुलिस ने आरोपी महिला को न्यायालय के समक्ष पेश करने के लिए आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले में अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास भी जारी हैं।
#Shahjahanpur #ShahjahanpurNews #ShahjahanpurPolice #SadarBazar #CrimeNews #UPNews #UPPolice #BreakingNews #Dहेजहत्या #DowryCase #CrimeNewsHindi #HindiNews #LatestNews #ViralNews #ViralVideo #NewsUpdate #UttarPradeshNews #PoliceAction #ShahjahanpurCrime


