परौर के ककोड़ा में घर में घुसकर मारपीट व धमकी, पीड़ित ने पुलिस पर लगाया अनदेखी का आरोप, सीओ से लगाई न्याय की गुहार
जलालाबाद (शाहजहांपुर)। परौर थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम ककोड़ा निवासी हरी सिंह पुत्र रामलड़ैते ने गांव के ही कुछ लोगों पर घर में घुसकर लाठी-डंडों से मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। मामले में स्थानीय पुलिस द्वारा सुनवाई न होने पर पीड़ित ने क्षेत्राधिकारी कार्यालय पहुंचकर न्याय और सुरक्षा की गुहार लगाई है।
पीड़ित हरी सिंह का आरोप है कि 22 सितंबर की रात करीब 10 बजे गांव के निवासी रामसरोज पुत्र रामलड़ैते, ब्रह्म कुमार, शिव कुमार और संतोषी पत्नी रामसरोज एक राय होकर जबरन उसके घर में घुस आए। आरोप है कि विपक्षियों ने गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडों से उसके साथ मारपीट की। पीड़ित का यह भी कहना है कि आरोपी पक्ष शराब के नशे में अभद्रता करता है और उसके लड़के लगातार जान से मारने की धमकियां दे रहे हैं, जिसकी ऑडियो रिकॉर्डिंग भी उसके पास मौजूद है। इतना ही नहीं, पीड़ित के अनुसार आरोपियों ने पचास हजार रुपये खर्च कर भाड़े के बदमाशों से गोली मरवाने की भी खुली धमकी दी है।
पीड़ित का गंभीर आरोप है कि घटना की लिखित सूचना तत्काल परौर थाने में दी गई थी, लेकिन पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ कोई ठोस कदम नहीं उठाया। आरोप के अनुसार कार्रवाई करने के बजाय उल्टा उनके ही घर पर दबिश देकर उन्हें ही परेशान किया जा रहा है। स्थानीय पुलिस के इस रवैये से विवश होकर पीड़ित ने सीओ कार्यालय पहुंचकर प्रार्थना पत्र सौंपा और न्याय की गुहार लगाई। वहीं, क्षेत्राधिकारी ने पीड़ित की बात सुनकर मामले में उचित कार्रवाई का भरोसा दिया है।
UP Police शाहजहाँपुर पुलिस

