**🚨 फर्रुखाबाद में दर्दनाक हादसा: 12 फीट गहरे गड्ढे में डूबने से दो बच्चों की मौत, मानकों की उड़ी धज्जियां**
📍 **कायमगंज, फर्रुखाबाद**
फर्रुखाबाद के कायमगंज कोतवाली क्षेत्र के कलाखेल गांव में रविवार को एक बेहद दुखद घटना सामने आई है, जहां खेलते समय पानी से भरे गड्ढे में डूबने से दो मासूम बच्चों की जान चली गई। मृतकों की पहचान कटरा रहमत खान निवासी सूरज और मोनू के रूप में हुई है।
हादसा उस वक्त हुआ जब दोनों बच्चे अन्य साथियों के साथ गड्ढे के पास खेल रहे थे और अचानक 12 फीट गहरे गड्ढे में जा गिरे। साथ खेल रहे बच्चों ने तुरंत गांव जाकर परिजनों को इसकी सूचना दी। सूरज को बाहर निकालकर अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया, जबकि दूसरा बच्चा मोनू भी मृत अवस्था में मिला।
इस दर्दनाक हादसे के बाद मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। बताया जा रहा है कि यह गड्ढा ईंट भट्ठे के लिए मिट्टी निकालने के लिए खोदा गया था। गांव में चर्चा है कि खनन की अनुमति केवल 6.5 फीट गहराई तक की थी, लेकिन मानकों को ताक पर रखकर 12 फीट गहरा गड्ढा खोद दिया गया, जो बारिश के पानी से भर गया और इस जानलेवा हादसे का कारण बना।
प्रशासन ने मामले का संज्ञान लिया है। एसडीएम अभिषेक वर्मा ने घटना की जांच के लिए तहसीलदार की अध्यक्षता में एक टीम गठित की है। उन्होंने स्पष्ट किया है कि यदि तय मात्रा से अधिक खनन की पुष्टि होती है, तो संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही क्षेत्र में ऐसे अन्य खतरनाक स्थानों को भी चिन्हित करने के निर्देश दिए गए हैं।
*
#Farrukhabad #FarrukhabadNews #Kaimganj #NewsJunctionBharat #TheFarrukhabadiBro #FarrukhabadCity #UPNews #LocalNews #UttarPradesh #GroundReport

