जालौन: दहेज की मांग न पूरी होने पर विवाहिता से मारपीट, पति पर गंभीर आरोप
जालौन जनपद के कोतवाली कोंच क्षेत्र से घरेलू हिंसा और दहेज उत्पीड़न का गंभीर मामला सामने आया है। ग्राम धनौरा की रहने वाली एक विवाहिता ने अपने पति पर मारपीट, नशाखोरी, जुआ खेलने और दहेज में दो लाख रुपये की मांग करने का आरोप लगाते हुए पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है।
पीड़िता रोशनी पत्नी बलवीर परिहार उर्फ गब्बर ने रविवार दोपहर करीब 12 बजे कोतवाली कोंच पहुंचकर लिखित शिकायत दी। महिला के अनुसार, उसका पति बलवीर परिहार आए दिन शराब और गांजा के नशे में घर लौटता है और उसके साथ मारपीट करता है। इतना ही नहीं, वह जुआ खेलने का आदी है और कर्ज में डूबा होने के कारण लगातार पैसे की मांग करता रहता है।
पीड़िता ने बताया कि 30 अप्रैल 2026 को पति ने विवाद के बाद उसके साथ बेरहमी से मारपीट की और उसे उसके दो छोटे बच्चों सहित मायके दौलतपुर खुर्द धंगुआ भेज दिया। आरोप है कि पति ने साफ कहा कि जब तक वह अपने पिता से दो लाख रुपये नहीं लाएगी, तब तक उसे घर में नहीं रखेगा।
महिला ने पुलिस को यह भी बताया कि उसके पिता मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं और इतनी बड़ी रकम देना उनके लिए संभव नहीं है। विरोध करने पर आरोपी पति ने उसे धमकी देते हुए कहा कि वह कहीं भी शिकायत कर ले, उसका कुछ नहीं बिगड़ेगा।
मामले को गंभीरता से लेते हुए कोतवाली कोंच के वरिष्ठ उपनिरीक्षक विमलेश कुमार ने बताया कि शिकायत प्राप्त हो गई है और पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है। उन्होंने आश्वासन दिया कि जांच के बाद दोषी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पुलिस जांच में जुटी है और पीड़िता को न्याय मिलने की उम्मीद है।

