मुरैना - कलेक्टर ने किया नीट परीक्षा केंद्र का निरीक्षण*
मुरैना, 3 मई नेशनल एलिजिबिलिटी टेस्ट (NEET) 2026 की परीक्षा कलेक्टर श्री लोकेश कुमार जांगिड़ के मार्गदर्शन में मुरैना जिले के सात परीक्षा केंद्रों पर सफलतापूर्वक संपन्न हुई।
जिले के जिन केंद्रों पर परीक्षा आयोजित की गई, उनमें शासकीय पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय अंबाह रोड, शासकीय पॉलीटेक्निक महाविद्यालय, शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रमांक-1, शासकीय पीजी कॉलेज (जोरा रोड), शासकीय कन्या महाविद्यालय, शासकीय विधि महाविद्यालय तथा शासकीय मॉडल स्कूल गणेशपुरा शामिल हैं।
परीक्षा दोपहर 2:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक निर्धारित समय पर शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।
परीक्षा के दौरान कलेक्टर श्री लोकेश कुमार जांगिड़ ने शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रमांक-1, मुरैना में औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने व्यवस्थाओं का जायजा लिया, जहां परीक्षा शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित रूप से संचालित होती पाई गई।
परीक्षा को स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से कलेक्टर द्वारा प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर राजस्व अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई थी। ये अधिकारी प्रश्नपत्रों के वितरण से लेकर उत्तर पुस्तिकाओं के सील होने तक पूरे समय केंद्रों पर उपस्थित रहे।
इस सुदृढ़ व्यवस्था के कारण जिले में परीक्षा निर्विघ्न एवं सफलतापूर्वक संपन्न हुई।

