मदरसे की छत से गिरकर मजदूर की मौत, नेपाल निवासी का नहीं हो सका परिवार से संपर्क
शाहजहांपुर। जिले के निगोही थाना क्षेत्र में रविवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब अब्दुल कलाम नगर मोहल्ले में एक व्यक्ति का शव मदरसे के पास पड़ा मिला। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। मृतक की पहचान 50 वर्षीय रामबहादुर के रूप में हुई है, जो मूल रूप से नेपाल के निवासी बताए जा रहे हैं। वह पिछले करीब 35 वर्षों से निगोही क्षेत्र में कब्रिस्तान के पास झोपड़ी डालकर रह रहे थे और मजदूरी कर अपना जीवन यापन करते थे।स्थानीय लोगों के अनुसार शनिवार रात आई तेज आंधी और बारिश से बचने के लिए रामबहादुर मदरसे की छत पर चले गए होंगे। आशंका जताई जा रही है कि इसी दौरान वह छत से गिर गए, जिससे उनकी मौत हो गई।
घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके का निरीक्षण किया और आवश्यक पूछताछ की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। सीओ सदर प्रयांक जैन ने बताया कि मृतक के परिजनों से संपर्क करने का प्रयास किया जा रहा है, लेकिन अभी तक सफलता नहीं मिल सकी है। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।

