जिस आतंकी को भारत ने मारा, उसे पाकिस्तानी सेना ने कर दिया जिंदा! मूसा को मीडिया के सामने किया पेश

India100news
0

 जिस आतंकी को भारत ने मारा, उसे पाकिस्तानी सेना ने कर दिया जिंदा! मूसा को मीडिया के सामने किया पेश



कश्मीर में भारतीय सेना के साथ मुठभेड़ में मारे गए एक पाकिस्तानी नागरिक की पहचान को लेकर पाकिस्तान की सेना ने अलग दावा किया है. पाकिस्तानी सेना का कहना है कि जिस मोहम्मद आसिफ को भारतीय सेना ने मारा बताया है, वह जिंदा है.


इसके लिए सेना ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में एक शख्स को पेश किया, जिसने खुद को मोहम्मद आसिफ बताया.


पाकिस्तानी सेना की मीडिया विंग इंटर-सर्विसेज पब्लिक रिलेशंस (ISPR) के डीजी लेफ्टिनेंट जनरल अहमद शरीफ चौधरी ने भारत पर फॉल्स फ्लैग ऑपरेशन का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि प्रेस कॉन्फ्रेंस में मौजूद शख्स पाकिस्तानी सेना का पूर्व हवलदार मोहम्मद आसिफ है और वह पूरी तरह जिंदा है.


डीजी ISPR ने भारतीय सेना के चिनार कोर की सोशल मीडिया पोस्ट का जिक्र करते हुए कहा कि 29 सितंबर की रात जम्मू-कश्मीर में खुफिया जानकारी के आधार पर सेना, पुलिस और सीआरपीएफ ने कोराग और यूसमर्ग इलाके में संयुक्त अभियान चलाया था. इसके बाद 30 सितंबर की सुबह चिनार कोर ने बताया था कि अभियान के दौरान एक लश्कर-ए-तैयबा आतंकी का शव बरामद हुआ.


भारतीय सेना के मुताबिक, मारे गए आतंकी की पहचान मोहम्मद आसिफ के तौर पर हुई थी. उसके बारे में बताया गया कि वह पाकिस्तान की एलीट कमांडो यूनिट एसएसजी में रह चुका था.


पाकिस्तानी सेना ने मीडिया के सामने पेश किया


पाकिस्तानी सेना ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में जिस व्यक्ति को मोहम्मद आसिफ बताया, उसने कहा कि वह अटक जिले के पिंडी घेब का रहने वाला है. उसने दावा किया कि भारतीय सेना की ओर से उसके नाम के एक व्यक्ति के मारे जाने की खबर सामने आने के बाद उसके दोस्तों और जानने वालों के फोन आने लगे.


उसने कहा कि लोग उससे उसकी खैरियत पूछ रहे थे. उसके मुताबिक, जब वह अपने घर पर था तो उसे इस बात पर हैरानी हुई कि भारतीय सेना उसे कैसे मार सकती है.


उस शख्स ने कहा कि उसके मारे जाने की खबर पूरी तरह गलत है और वह उस समय अपने घर पर मौजूद था.


खुद को SSG कमांडो बता रहा शख्स


प्रेस कॉन्फ्रेंस में पेश किए गए व्यक्ति ने दावा किया कि वह पाकिस्तानी सेना की स्पेशल सर्विस ग्रुप (SSG) में कमांडो रह चुका है. उसके मुताबिक, उसने 2023 में सेना से रिटायरमेंट ली थी.


उसने बताया कि फिलहाल वह एक निजी सुरक्षा कंपनी में काम कर रहा है और रावलपिंडी में रहता है. उसने कहा कि वह जिंदा है और प्रेस कॉन्फ्रेंस में सभी के सामने मौजूद है.


इसके बाद डीजी ISPR अहमद शरीफ चौधरी ने भारत पर कई आरोप लगाए. उन्होंने दावा किया कि भारत पाकिस्तान में आतंकवाद को बढ़ावा दे रहा है. पाकिस्तानी सेना इससे पहले भी भारत पर ऐसे आरोप लगाती रही है, जबकि भारत इन आरोपों को खारिज करता रहा है.

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
To Top