---संदिग्ध परिस्थितियों में युवक की मौत? भाई पर भाई की जान लेने का आरोप***
--संपत्ति विवाद ने बढ़ाया शक, मां बोली—दूसरे बेटे ने हरिओम को मार डाला***
--फोरेंसिक टीम ने खंगाला घटनास्थल, पैनल पोस्टमार्टम से खुलेगा मौत का राज****
खुटार, शाहजहांपुर। गांव कढ़ैया में गुरुवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मौत के बाद सामने आए गले पर रस्सी जैसे निशान और मृतक की मां द्वारा अपने ही बेटे पर लगाए गए हत्या के आरोपों ने मामले को उलझा दिया है। पुलिस के सामने अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि हरिओम की मौत सामान्य परिस्थितियों में हुई या इसके पीछे कोई आपराधिक साजिश थी।
ग्राम कढ़ैया निवासी हरिओम पुत्र गजराज की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत की खबर फैलते ही गांव में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया। मृतक की मां उषा देवी ने अपने दूसरे बेटे पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि संपत्ति को लेकर चल रहे विवाद के कारण उसके बेटे हरिओम की हत्या की गई है। हालांकि पुलिस के पास अभी कोई लिखित तहरीर नहीं पहुंची है और आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
गले के निशानों ने खड़े किए कई सवाल
मामले को गंभीर बनाने वाला सबसे अहम बिंदु मृतक के गले पर बताए जा रहे रस्सी के निशान हैं। इन निशानों ने मौत की परिस्थितियों को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। क्या युवक की गला कसकर हत्या की गई? क्या इन निशानों की वजह कुछ और है? फिलहाल इन सवालों का जवाब जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट में तलाशा जा रहा है।
दूसरी ओर ग्रामीणों के बीच यह भी चर्चा है कि हरिओम मानसिक रूप से परेशान रहता था। पिता की मृत्यु के बाद उसकी स्थिति और खराब होने की बात भी सामने आ रही है। यही वजह है कि पुलिस किसी एक संभावना को आधार बनाकर आगे नहीं बढ़ रही है और मौत से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
पुलिस और फोरेंसिक टीम ने खंगाला घटनास्थल
सूचना मिलते ही सीओ प्रवीण मलिक, थाना प्रभारी निरीक्षक लोकेंद्र कुमार त्यागी और हल्का दरोगा सोहनलाल बालियान पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से जानकारी जुटाई। इसके बाद फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल की बारीकी से जांच की तथा संभावित साक्ष्य एकत्र किए
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने शव का पैनल से पोस्टमार्टम कराने का फैसला लिया। शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट इस मामले की जांच में अहम कड़ी साबित हो सकती है।हालांकि खबर लिखें जाने तक परिजनों की ओर से पुलिस को कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


