शिमला के जुब्बल के धार गांव में भीषण अग्निकांड, 5 घर जले, सर्दी के बीच बेघर हुए 5 परिवार

India100news
0

 शिमला के जुब्बल के धार गांव में भीषण अग्निकांड, 5 घर जले, सर्दी के बीच बेघर हुए 5 परिवार



शिमला. हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले के जुब्बल क्षेत्र के धार गांव में गुरुवार को भीषण अग्निकांड देखने को मिला. यहां पर आग लगने से पांच रिहायशी मकान पूरी तरह जलकर राख हो गए और पांच परिवारों के सिर से छत छिन गई. हालांकि, राहत की बात है कि कोई जानी नुकसान नहीं हुआ.


जानकारी के अनुसार, रात करीब 11:20 बजे जुब्बल अग्निशमन केंद्र को धार गांव में आग लगने की सूचना मिली थी. सूचना मिलते ही दमकल कर्मी मौके पर पहुंचे. आग की भयावहता को देखते हुए रोहड़ू, कोटखाई और टिक्कर से भी दमकल वाहन मौके पर बुलाए गए. स्थानीय पुलिस और ग्रामीणों ने भी आग बुझाने में दमकल विभाग का सहयोग किया.


आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पांच मकान इसकी चपेट में आ गए. दमकल कर्मियों ने रातभर कड़ी मशक्कत की और आग को गांव के अन्य मकानों तक फैलने से रोकने के लिए सुबह तक मोर्चा संभाले रखा. अग्निशमन विभाग के अनुसार, अग्निकांड में संपत्ति का भारी नुकसान हुआ है और नुकसान का विस्तृत आकलन किया जा रहा है.


शिमला के धार गांव में आधी रात को आग लग गई थी.


अग्निकांड में नानक चंद चौहान, हरनाम सिंह धाल्टा, नरेंद्र सिंह धाल्टा, गिंदा देवी और अनिल धान्टा के परिवार प्रभावित हुए हैं. पांचों के रिहायशी मकान आग की चपेट में आने से पूरी तरह जल गए. जुब्बल थाना प्रभारी के अनुसार, घटना में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ है. आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.


रोहित ठाकुर ने जताया दुख


शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने धार गांव में हुए अग्निकांड पर गहरा दुख जताया है. उन्होंने प्रभावित परिवारों के प्रति संवेदनाएं व्यक्त करते हुए कहा कि जीवनभर की मेहनत से बनाए आशियाने का आग की भेंट चढ़ जाना बेहद पीड़ादायक है. उन्होंने कहा कि संकट की इस घड़ी में प्रभावित परिवार खुद को अकेला न समझें. प्रदेश सरकार और प्रशासन उनके साथ खड़े हैं. रोहित ठाकुर ने कहा कि अग्निकांड से हुए नुकसान को देखते हुए प्रभावित परिवारों को सरकार की ओर से हरसंभव सहायता उपलब्ध करवाने के प्रयास किए जाएंगे और आपदा राहत नियमावली के तहत राहत का मामला मुख्यमंत्री के समक्ष उठाया जाएगा. मंत्री ने प्रशासन को प्रभावित परिवारों को तत्काल फौरी राहत उपलब्ध करवाने, नुकसान का जल्द आकलन करने और आवश्यक औपचारिकताएं शीघ्र पूरी करने के निर्देश दिए हैं. प्रशासन की ओर से प्रभावित परिवारों के रहने सहित जरूरी व्यवस्थाएं करने के प्रयास किए जा रहे हैं.

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
To Top