अयोध्या: CHC रुदौली में प्रसव के बाद ₹3800 की अवैध वसूली का आरोप, शिकायत पर नर्स ने लौटाई रकम #AyodhyaNews #Rudauli #CHCRudauli #HealthDepartment #CorruptionExposed
====================
अयोध्या जनपद के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) रुदौली में प्रसव के नाम पर अवैध वसूली और परिजनों के साथ दुर्व्यवहार का गंभीर मामला प्रकाश में आया है। ग्राम धर्मनगर निवासी प्रसूता के परिजनों ने लेबर रूम में तैनात स्टाफ नर्सों और वार्ड आया पर सामान्य प्रसव (नॉर्मल डिलीवरी) के एवज में कुल ₹3,800 की अवैध मांग करने तथा असमर्थता जताने पर बदसलूकी करने का खुला आरोप लगाया है। मामले की लिखित शिकायत सीएचसी अधीक्षक से किए जाने के बाद स्टाफ द्वारा वसूले गए रुपये वापस कर दिए गए, वहीं प्रशासन ने मामले में सख्त रुख अपनाते हुए जांच बैठा दी है।
पीड़ित तीमारदार अरुण के अनुसार, वह रविवार सुबह करीब नौ बजे अपनी गर्भवती पत्नी सुमन को प्रसव पीड़ा होने पर सीएचसी रुदौली लेकर पहुंचे थे। स्वास्थ्य कर्मियों ने महिला को तुरंत लेबर रूम में भर्ती कराया, जहां उसने एक स्वस्थ नवजात को सामान्य प्रसव के जरिए जन्म दिया। बच्चे के जन्म से परिजन खुश थे, लेकिन आरोप है कि इसी दौरान ड्यूटी पर तैनात स्टाफ नर्सों ने प्रसूता की सास पर अवैध धन उगाही के लिए दबाव बनाना शुरू कर दिया।
परिजनों का आरोप है कि लेबर रूम में तैनात स्टाफ ने अपने निजी हिस्से के रूप में ₹1,100, अन्य तीन नर्सों के लिए ₹500-₹500 और साफ-सफाई के नाम पर अतिरिक्त रकम जोड़कर कुल ₹3,800 की अनुचित मांग की। तीमारदार जब अपनी स्वेच्छा से ₹1,600 देने को तैयार हुए, तो स्टाफ ने इसे लेने से साफ इनकार कर दिया और पूरी रकम देने की जिद पर अड़ गया। परिजनों का यह भी कहना है कि असमर्थता व्यक्त करने पर ड्यूटी स्टाफ ने उनके साथ अभद्र भाषा का प्रयोग किया और अपमानित किया।
परिजनों के अनुसार, घटना के समय लेबर रूम में स्टाफ नर्स वर्षा, सुषमा और वार्ड आया प्रवीण की तैनाती थी। इस पूरे प्रकरण से इमरजेंसी में तैनात चिकित्सक डॉ. कौशलेंद्र ने अनभिज्ञता जताई। वहीं मामले को लेकर परिजनों ने सीएचसी अधीक्षक से मिलकर समूची घटना से अवगत कराया और कड़ी कार्रवाई की मांग की। अस्पताल अधीक्षक के हस्तक्षेप के बाद संबंधित स्टाफ नर्स ने ली गई रकम पीड़ित परिवार को लौटा दी।
सीएचसी रुदौली के अधीक्षक डॉ. रवींद्र शुक्ला ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि सरकारी स्वास्थ्य केंद्र में प्रसव कराने आई महिला के परिजनों से किसी भी रूप में रुपये मांगना अत्यंत गंभीर और अक्षम्य कृत्य है। उन्होंने बताया कि मामले का संज्ञान लेते हुए सोमवार को संबंधित दोनों स्टाफ नर्सों और वार्ड आया को कारण बताओ नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण तलब किया जाएगा। जांच में दोषी पाए जाने पर संबंधित कर्मियों के विरुद्ध उच्चाधिकारियों को कठोर दंडात्मक कार्रवाई के लिए रिपोर्ट प्रेषित की जाएगी।
( चित्र - A.I द्वारा निर्मित )

