शाहजहांपुर पुलिस का विशेष अभियान: मौके पर पहुंचकर 33 जनशिकायतों का निस्तारण
शाहजहांपुर, 25 सितंबर 2026। जनशिकायतों के त्वरित, पारदर्शी एवं निष्पक्ष निस्तारण के लिए शाहजहांपुर पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत शुक्रवार को पुलिस अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों ने शिकायतकर्ताओं के मौके पर पहुंचकर कुल 33 शिकायतों का निस्तारण किया।
पुलिस अधीक्षक शाहजहांपुर सौरभ दीक्षित के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण एवं अपर पुलिस अधीक्षक नगर के पर्यवेक्षण में यह अभियान चलाया जा रहा है। आईजीआरएस के माध्यम से प्राप्त होने वाली जनशिकायतों के समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण को अभियान का नोडल अधिकारी नामित किया गया है।
अभियान के तहत जनपद के सभी क्षेत्राधिकारी एवं थाना प्रभारी शिकायतकर्ताओं के पास मौके पर पहुंचकर उनकी समस्याओं का स्थलीय निरीक्षण कर समाधान कर रहे हैं। प्रत्येक क्षेत्राधिकारी को अपने सर्किल के थाना क्षेत्र में प्रतिदिन कम से कम एक स्थान तथा प्रत्येक थाना प्रभारी को अपने क्षेत्र में कम से कम दो स्थानों पर पहुंचकर शिकायतों का निस्तारण करने के निर्देश दिए गए हैं।
25 सितंबर को चलाए गए विशेष अभियान में जनपद के विभिन्न थानों से प्राप्त शिकायतों में से 33 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया। पुलिस द्वारा शिकायतकर्ता के घर अथवा घटनास्थल पर पहुंचकर स्थलीय निरीक्षण किया जा रहा है। साथ ही दोनों पक्षों से फीडबैक लेकर शिकायत के समाधान के संबंध में संतुष्टि सुनिश्चित करने का प्रयास किया जा रहा है।
शाहजहांपुर पुलिस के इस अभियान का उद्देश्य शिकायतकर्ताओं को बार-बार थाने अथवा पुलिस कार्यालय के चक्कर लगाने से राहत देना है। मौके पर पहुंचकर शिकायतों के समाधान से जहां लोगों को सहूलियत मिल रही है, वहीं पुलिस की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता और जवाबदेही को भी बढ़ावा मिल रहा है।
आपका अपना शहर Aapka Apna Shahar

