बारिश से पलटी फॉर्च्यूनर,सिपाही पति-पत्नी ने 5 को बचाया: कन्नौज में जिला पंचायत अध्यक्ष गाड़ी में फंसी, सिपाही ने राइफल से शीशे तोड़कर सभी को सुरक्षित निकाला

India100news
0

 बारिश से पलटी फॉर्च्यूनर,सिपाही पति-पत्नी ने 5 को बचाया: कन्नौज में जिला पंचायत अध्यक्ष गाड़ी में फंसी, सिपाही ने राइफल से शीशे तोड़कर सभी को सुरक्षित निकाला 



कन्नौज में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर शुक्रवार दोपहर तेज बारिश के दौरान फॉर्च्यूनर कार डिवाइडर तोड़कर पलट गई। कार में सुल्तानपुर की जिला पंचायत अध्यक्ष उषा सिंह समेत 5 लोग फंस गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।


इसी दौरान वहां से गुजर रहे एक सिपाही और उनकी पत्नी हादसा देखकर रुक गए। सिपाही ने तुरंत कार में फंसे लोगों को बाहर निकालने की कोशिश शुरू की। कार के दरवाजे नहीं खुलने पर उन्होंने अपनी राइफल से कार के शीशे तोड़े।


सिपाही की पत्नी ने आसपास से गुजर रहे वाहन चालकों से मदद मांगी। इसके बाद जिला पंचायत अध्यक्ष समेत सभी 5 लोगों को एक-एक कर कार से बाहर निकाला। हादसे में घायल सभी लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसा करीब 2 बजे तालग्राम इलाके में हुआ।


सुल्तानपुर की जिला पंचायत अध्यक्ष उषा सिंह फॉर्च्यूनर कार से लखनऊ से नोएडा जा रही थीं। कार सुल्तानपुर के धनपतगंज के रहने वाले विकास यादव चला रहे थे। कार में उषा सिंह के अलावा लखीमपुर के आयुष वर्मा, गनर हेड कांस्टेबल अरविंद कुमार और नोएडा की गीतांजलि सिंह भी सवार थीं।


कार आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर किलोमीटर 171 के पास पहुंची। इसी दौरान तेज बारिश और रफ्तार के कारण ड्राइवर कार पर नियंत्रण नहीं रख सके। कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। इसके बाद करीब 20 मीटर की फेंसिंग तोड़ते हुए दूसरी लेन में जाकर पलट गई। हादसे में कार सवार पांचों लोगों को चोट आई।


सिपाही पति-पत्नी ने बचाई 5 लोगों की जान


इसी दौरान आशा ज्योति केंद्र, कन्नौज में तैनात महिला कांस्टेबल अर्चना सिंह अपने सिपाही पति अमित तेवतिया के साथ सौरिख से कन्नौज जा रही थीं। रास्ते में उन्होंने एक्सप्रेस-वे पर पलटी हुई फॉर्च्यूनर देखी।


दोनों तुरंत गाड़ी रोककर मौके पर पहुंचे। कार में पांच लोग फंसे हुए थे। कार के दरवाजे नहीं खुल रहे थे। अमित तेवतिया ने तुरंत बचाव शुरू किया। उन्होंने अपनी सर्विस राइफल से कार के शीशे तोड़े और लोगों को बाहर निकालने का रास्ता बनाया। सभी लोगों को बाहर निकाला।


शीशा तोड़कर गाड़ी में फंसे लोगों को बाहर निकाला


इसके बाद दोनों ने कंट्रोल रूम को हादसे की सूचना दी गई। सूचना मिलते ही एंबुलेंस 172, थाना पुलिस और यूपीडा की टीम मौके पर पहुंच गई। यूपीडा के सुरक्षा अधिकारी मनोहर सिंह और सेफ्टी वाहन की टीम ने बचाव कार्य में मदद की।


घायल उषा सिंह, आयुष वर्मा और अरविंद कुमार को एंबुलेंस से इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज तिर्वा भेजा गया। बाकी घायलों को भी मौके पर प्राथमिक इलाज दिया गया। थाना प्रभारी रंजना पांडेय ने बताया कि हादसे की जांच की जा रही है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)
10/related/default