रामलीला से पहले सड़कों की होगी मरम्मत, 8 अक्टूबर तक व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश
शोभायात्रा के रूट का अधिकारियों ने किया निरीक्षण, सीवर, सड़क, नालियों और बिजली व्यवस्था की खामियां चिन्हित
शाहजहांपुर। शारदीय नवरात्र और दशहरा पर्व को लेकर शहर में तैयारियां तेज हो गई हैं। खिरनीबाग रामलीला मैदान में आठ अक्टूबर को श्री गणेश पूजन के साथ रामलीला का शुभारंभ होगा। इसी दिन शाम चार बजे गांधीगंज स्थित श्री नर्सिंग भगवान मंदिर से गणेश शोभायात्रा निकाली जाएगी।
शोभायात्रा रंगमहला, चारखंभा, चौक, कच्चा कटरा, अंजान चौकी, घंटाघर, बहादुरगंज और सदर बाजार थाने के सामने से होते हुए खिरनीबाग रामलीला मैदान पहुंचेगी। यहां रात करीब आठ बजे गणेश पूजन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
शोभायात्रा और आगामी दुर्गा पूजा व दशहरा पर्व को देखते हुए मंगलवार को नगर आयुक्त के निर्देशन में अधिकारियों ने प्रस्तावित शोभायात्रा मार्ग का भौतिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सीवर लाइन, सड़क के गड्ढे, टूटी नालियां, जल निकासी की व्यवस्था, जर्जर एवं लटके विद्युत तारों तथा विद्युत पोलों की स्थिति का जायजा लिया गया।
अधिकारियों ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि आठ अक्टूबर से पहले शोभायात्रा मार्ग की सभी खामियों को दूर कर व्यवस्थाएं दुरुस्त कर ली जाएं। सड़क के गड्ढों की मरम्मत, नालियों की सफाई और जल निकासी की व्यवस्था के साथ ही बिजली के जर्जर व लटके तारों को ठीक कराने पर विशेष जोर दिया गया।
वहीं, दुर्गा पूजा और दशहरा पर्व के दौरान शहर में यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के लिए क्षेत्राधिकारी यातायात को आवश्यक इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने पर्व के दौरान श्रद्धालुओं की भीड़ और शोभायात्राओं को देखते हुए यातायात प्रबंधन को लेकर भी जरूरी तैयारियां समय से पूरी करने को कहा।
आपका अपना शहर Aapka Apna Shahar

