वैध दस्तावेज नहीं दिखा सका जनता क्लीनिक, अब उच्चाधिकारियों के पाले में मामला
छापेमारी में मरीजों को ड्रिप चढ़ती मिली थी, चिकित्सकीय योग्यता और क्लीनिक संचालन के दस्तावेज भी नहीं हुए प्रस्तुत; कार्रवाई के लिए रिपोर्ट भेजी
खुटार, शाहजहांपुर। तिकुनिया-कुसुमा मार्ग पर संचालित जनता क्लीनिक पर स्वास्थ्य विभाग की छापेमारी के बाद अब कार्रवाई की तलवार लटकती नजर आ रही है। जांच के दौरान क्लीनिक संचालक चिकित्सकीय योग्यता और क्लीनिक संचालन से संबंधित आवश्यक वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। विभाग की ओर से दस्तावेज प्रस्तुत करने के लिए समय दिए जाने के बावजूद निर्धारित समय पर आवश्यक अभिलेख नहीं दिखाए जा सके। इसके बाद मामले की रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेज दी गई है।
मंगलवार को अवैध रूप से चिकित्सा गतिविधियां संचालित करने वालों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सीएचसी प्रभारी गौरव सक्सेना ने तिकुनिया-कुसुमा मार्ग स्थित जनता क्लीनिक पर छापेमारी की थी। कार्रवाई के दौरान क्लीनिक में मरीजों को ड्रिप चढ़ती मिली थी। टीम ने चिकित्सक की डिग्री समेत क्लीनिक संचालन से संबंधित आवश्यक दस्तावेज मांगे थे, लेकिन मौके पर वैध अभिलेख प्रस्तुत नहीं किए जा सके।
स्वास्थ्य विभाग ने संचालक को अगले दिन आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने के निर्देश दिए थे। निर्धारित समय पर निजी चिकित्सक की ओर से होम्योपैथिक चिकित्सा से संबंधित कुछ कागजात प्रस्तुत किए गए, लेकिन विभाग के अनुसार अस्पताल/क्लीनिक संचालन से संबंधित जरूरी वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जा सके।
दस्तावेज पूरे नहीं, रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को
मामले में सीएचसी प्रभारी की ओर से रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेज दी गई है। अब रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई किए जाने की बात कही जा रही है। सीएचसी प्रभारी ने बताया कि कार्रवाई संबंधी पत्र तैयार किया जा रहा है।
एक ही भवन में क्लीनिक और कोचिंग सेंटर भी चर्चा में
उक्त भवन में कोचिंग सेंटर संचालित होने की भी जानकारी सामने आई है। ऐसे में एक ही परिसर में चिकित्सा गतिविधियों के साथ शिक्षण गतिविधियां संचालित किए जाने की अनुमति और व्यवस्था भी जांच का विषय बन गई है।
सीएचसी प्रभारी गौरव सक्सेना ने बताया कि निजी चिकित्सक की ओर से कुछ होम्योपैथिक संबंधी कागजात दिखाए गए हैं, लेकिन अस्पताल/क्लीनिक से संबंधित आवश्यक वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जा सके। कार्रवाई के लिए रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेज दी गई है और अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।

