चोरी के 1.70 लाख रुपये समेत तीन महिलाएं गिरफ्तार
कोतवाली शहर पुलिस ने चोरी की घटना का किया खुलासा, अब तक 1.49 करोड़ से अधिक की नकदी बरामद
हरदोई, 29 सितंबर। कोतवाली शहर पुलिस ने परचून की थोक दुकान से हुई चोरी के मामले में तीन महिलाओं को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 1 लाख 70 हजार रुपये की नकदी बरामद की है। पुलिस के मुताबिक यह कार्रवाई मु0अ0सं0 513/26, धारा 306 बीएनएस से संबंधित मामले में की गई।
पुलिस के अनुसार 16/17 जुलाई की रात रेलवेगंज निवासी पंकज अग्रवाल के घर से नकदी चोरी की घटना सामने आई थी। उनकी तहरीर पर कोतवाली शहर में मुकदमा दर्ज किया गया था। विवेचना के दौरान मामले में धारा 331(4), 317(2) और 61 बीएनएस की बढ़ोतरी की गई।
29 सितंबर को पुलिस ने मामले में प्रकाश में आई लक्ष्मी देवी पत्नी अंकित तिवारी, बीना शुक्ला पत्नी रामवली शुक्ला और प्रियांशु शुक्ला पत्नी अजय शुक्ला को गिरफ्तार किया। इनके कब्जे से चोरी के 1.70 लाख रुपये नकद बरामद किए गए।
अब तक 1.49 करोड़ से अधिक की बरामदगी
पुलिस के मुताबिक इस चोरी की घटना से संबंधित कार्रवाई में 25 जुलाई को 14 आरोपियों से 1,28,99,310 रुपये तथा 11 अगस्त को तीन आरोपियों से 6,62,300 रुपये बरामद किए गए थे। इस तरह अब तक कुल 1,49,33,110 रुपये की चोरी की नकदी बरामद की जा चुकी है। इसके अलावा 2.50 लाख रुपये बैंक खाते में फ्रीज कराए गए हैं और चोरी के रुपयों से अर्जित एक पल्सर मोटरसाइकिल भी बरामद की गई है।
कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार त्यागी समेत कोतवाली शहर पुलिस टीम के अधिकारी और कर्मचारी शामिल रहे।

