आंगनबाड़ी केंद्रों में 3 से 6 वर्ष तक के जिन बच्चों के आधार कार्ड नहीं बने है, ऐसे बच्चों का मई माह पोषाहार आदि का लाभ न दिया जाए: जिलाधिकारी
शाहजहांपुर जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट स्थित बिस्मिल सभागार में बाल विकास विभाग (जिला पोषण समिति) की बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि पोषण ट्रैकर ऐप पर पंजीकृत 3 से 6 वर्ष तक के सभी लाभार्थियों की अपार आईडी बनाई जाए, जिन लाभार्थियों का आधार कार्ड नहीं बना है, उन्हें शीघ्र आधार बनवाने हेतु सूचित किया जाए, अन्यथा मई माह के उन्हें पोषाहार आदि का लाभ नहीं दिया जाएगा। साथ ही पोषण ट्रैकर ऐप पर पंजीकृत समस्त लाभार्थियों की आभा आईडी एक सप्ताह के भीतर बनाना सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में पोषण ट्रैकर पर पंजीकृत सभी लाभार्थियों को एफआरएस के माध्यम से अनुपूरक पुष्टाहार वितरण की प्रतिदिन समीक्षा करने तथा माह मई 2026 में टीएचआर वितरण का शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त करने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने सभी बाल विकास परियोजना अधिकारियों को निर्देशित किया कि बिना चेहरा प्रमाणीकरण के अनुपूरक पुष्टाहार का वितरण न किया जाए। साथ ही पोषण ट्रैकर ऐप पर सभी लाभार्थियों का वजन एवं लंबाई शत-प्रतिशत दर्ज करने के निर्देश दिए गए। आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों के संबंध में निर्देशित किया गया कि वे प्रतिदिन केंद्र खोलना सुनिश्चित करें। यदि दिनांक 25.05.2026 तक किसी भी कार्यकत्री द्वारा केंद्र संचालन 90 प्रतिशत से कम पाया जाता है, तो संबंधित कार्यकत्री का मानदेय रोका जायें।
जिलाधिकारी द्वारा निर्देशित किया गया कि अपूर्ण आंगनबाड़ी केंद्र भवनों को शीघ्र पूर्ण कराया जाये एवं सक्षम आंगनबाड़ी केंद्रों पर कराये जा रहे कार्यों का सभी मुख्य सेविका भ्रमण कर सत्यापन करना सुनिश्चित करें।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी उत्कर्ष द्विवेदी, जिला विकास अधिकारी अरविंद रस्तोगी सहित सभी संबंधित जिला स्तरीय अधिकारी, बाल विकास परियोजना अधिकारी, प्रभारी खंड शिक्षा अधिकारी, मुख्य सेविका एवं ब्लॉक समन्वयक उपस्थित रहे।

