***नगर की सड़कों पर ‘विकास के गड्ढे’, संभलकर चलने की जरूरत***
--हेलमेट और सीट बेल्ट पर सख्ती, सड़क के गड्ढों पर सवाल
शाहजहांपुर। नगर निगम क्षेत्र में दोपहिया या चारपहिया वाहन से सफर करने वाले लोगों को इन दिनों अतिरिक्त सावधानी बरतने की जरूरत है। शहर की कई सड़कों पर जगह-जगह बने गड्ढे और खराब सड़कें वाहन चालकों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई हैं। ऐसे में जरा सी असावधानी हादसे का कारण बन सकती है।
सड़क सुरक्षा को लेकर पुलिस और परिवहन विभाग की ओर से हेलमेट तथा सीट बेल्ट के इस्तेमाल के लिए लगातार जागरूकता अभियान चलाए जाते हैं। चौराहों, हाईवे और प्रमुख मार्गों पर वाहन चालकों को रोककर नियमों का पालन करने की हिदायत दी जाती है और नियम तोड़ने पर चालान भी किया जाता है।
वहीं दूसरी ओर नगर की सड़कों पर मौजूद गड्ढों को लेकर नागरिक सवाल उठा रहे हैं। लोगों का कहना है कि यातायात नियमों का पालन करना जितना जरूरी है, उतना ही जरूरी वाहन चालकों को सुरक्षित और गड्ढामुक्त सड़क उपलब्ध कराना भी है।
कई स्थानों पर सड़क की स्थिति ऐसी है कि दिन में तो वाहन चालक किसी तरह गड्ढों से बचकर निकल जाते हैं, लेकिन रात के समय दुर्घटना का खतरा और बढ़ जाता है।
नागरिकों में यह भी चर्चा है कि सड़क के गड्ढे समय रहते संबंधित विभागों की नजर में क्यों नहीं आते और शिकायतों के बाद भी स्थायी समाधान में देरी क्यों होती है। उनका कहना है कि यदि किसी गड्ढे के कारण हादसा होता है तो उसका सीधा खामियाजा वाहन चालक और उसके परिवार को भुगतना पड़ता है।
ऐसे में शहरवासियों से अपील है कि नगर क्षेत्र में वाहन चलाते समय गति सीमित रखें, सड़क पर विशेष सावधानी बरतें, मोबाइल फोन का इस्तेमाल न करें और हेलमेट व सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करें।
बहीं संबंधित विभागों से भी सड़कों के गड्ढों को चिह्नित कर समयबद्ध तरीके से मरम्मत कराने की मांग की जा रही है।


