. https://pagead2.googlesyndication.com/pagead/js/adsbygoogle.js?client=ca-pub-6143532855452692 मेडिकल कॉलेज की अव्यवस्थाओं को लेकर हिंदू युवा वाहिनी ने सौंपा ज्ञापन

मेडिकल कॉलेज की अव्यवस्थाओं को लेकर हिंदू युवा वाहिनी ने सौंपा ज्ञापन

India100news
0

 मेडिकल कॉलेज की अव्यवस्थाओं को लेकर हिंदू युवा वाहिनी ने सौंपा ज्ञापन



10 दिन में व्यवस्थाएं दुरुस्त न होने पर आंदोलन की चेतावनी


शाहजहांपुर। पंडित राम प्रसाद बिस्मिल अस्पताल (मेडिकल कॉलेज) में स्वास्थ्य सेवाओं और मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं को लेकर हिंदू युवा वाहिनी ने मोर्चा खोल दिया है। संगठन के बरेली मंडल अध्यक्ष प्रदीप शर्मा के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने अस्पताल के प्राचार्य को छह सूत्रीय ज्ञापन सौंपकर विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग की। संगठन ने चेतावनी दी कि 10 दिनों के भीतर समस्याओं का समाधान नहीं होने पर धरना-प्रदर्शन और आंदोलन किया जाएगा।


ज्ञापन में इमरजेंसी में बेड और स्ट्रेचर की उपलब्धता बढ़ाने, ओपीडी में पंजीकरण एवं दवा वितरण काउंटरों की संख्या बढ़ाने, मरीजों को आवश्यक दवाएं उपलब्ध कराने, पेयजल एवं शौचालयों की व्यवस्था दुरुस्त करने तथा अस्पताल परिसर में वाहन स्टैंड के नाम पर लिए जा रहे शुल्क को समाप्त करने की मांग की गई है।


मंडल अध्यक्ष प्रदीप शर्मा ने कहा कि शाहजहांपुर मेडिकल कॉलेज जिले के साथ ही आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों के लिए प्रमुख स्वास्थ्य केंद्र है। उनके अनुसार, अस्पताल में मरीजों को इमरजेंसी में बेड और स्ट्रेचर उपलब्ध कराने में परेशानी हो रही है। उन्होंने कहा कि यदि 10 दिनों में व्यवस्थाओं में सुधार नहीं हुआ तो संगठन आंदोलन करेगा।


जिला अध्यक्ष दीपक त्रिपाठी ने अस्पताल में दवाओं की उपलब्धता को लेकर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकारी काउंटर पर दवाएं उपलब्ध नहीं होने की बात कहकर मरीजों को बाहर से दवा खरीदने के लिए भेजा जाता है। उन्होंने इस मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की।


महानगर अध्यक्ष शांतनु गुप्ता ने ओपीडी में पंजीकरण और दवा वितरण काउंटरों की संख्या बढ़ाने की मांग की। उन्होंने कहा कि भीड़ के कारण बुजुर्गों और महिलाओं को परेशानी का सामना करना पड़ता है। साथ ही उन्होंने अस्पताल परिसर में पेयजल और शौचालयों की व्यवस्था में सुधार की मांग की।


जिला महासचिव शुभम मिश्रा ने अस्पताल परिसर में वाहन स्टैंड के नाम पर मरीजों और तीमारदारों से शुल्क लिए जाने का आरोप लगाया। उन्होंने इस शुल्क को तत्काल बंद करने की मांग की।


संगठन ने कहा कि यदि 10 दिनों के भीतर इमरजेंसी में बेड बढ़ाने, ओपीडी काउंटरों की संख्या बढ़ाने, आवश्यक दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने, पेयजल व शौचालयों की व्यवस्था सुधारने तथा वाहन स्टैंड शुल्क संबंधी समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो संगठन धरना-प्रदर्शन करेगा।


इस दौरान विधानसभा अध्यक्ष ददरौल सूर्यकान्त शर्मा, विधानसभा अध्यक्ष शहर कृष्णा टंडन, मोहित यादव, ब्रजेश वर्मा, सूर्यांश सिंह, गौरव सिंह, अंकुर दीक्षित, गौरव मिश्रा, कार्तिक सक्सेना, दुर्गेश सिंह, शिवम शर्मा, गोविन्द शर्मा समेत संगठन के अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)
10/related/default