बाढ़ प्रभावित गांवों में पहुंचे एसडीएम, खेतों में देखी फसल क्षति
लेखपालों को पारदर्शी सर्वे कराने और प्रभावित किसानों से ऑनलाइन आवेदन कराने के निर्देश
जलालाबाद (शाहजहांपुर)। बारिश और जलभराव से फसलों को हुए नुकसान का जायजा लेने के लिए रविवार को एसडीएम मधुसूदन गुप्ता ने क्षेत्र के खखूड़ी, कनारी और चिलौली गांवों का निरीक्षण किया। उन्होंने खेतों में पहुंचकर प्रभावित फसलों की स्थिति देखी और किसानों से नुकसान की जानकारी ली। एसडीएम ने संबंधित लेखपालों को निर्देश दिए कि प्रभावित क्षेत्रों में फसल क्षति का सर्वे पूरी पारदर्शिता के साथ कराया जाए। उन्होंने कहा कि सर्वे के दौरान किसी भी प्रभावित किसान का नाम छूटना नहीं चाहिए। मौके पर पहुंचकर वास्तविक क्षति का आकलन किया जाए, ताकि शासन से मिलने वाली सहायता के लिए पात्र किसानों को लाभ मिल सके। उन्होंने लेखपालों को सर्वे पूरा कराने के साथ प्रभावित एवं पात्र किसानों से ऑनलाइन आवेदन भी कराने के निर्देश दिए। एसडीएम ने कहा कि किसानों को आवेदन प्रक्रिया की जानकारी उपलब्ध कराई जाए, जिससे सहायता एवं मुआवजे की प्रक्रिया समय से पूरी हो सके। निरीक्षण के दौरान ग्रामीणों ने भी एसडीएम के सामने अपनी समस्याएं रखीं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को किसानों की समस्याओं के निस्तारण के लिए आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। एसडीएम के निरीक्षण से फसल नुकसान झेल रहे किसानों को राहत की उम्मीद जगी है।
DM Shahjahanpur Dharmendra Pratap Singh


