त्योहारों के मद्देनजर खुटार में पुलिस ने किया पैदल गश्त
खुटार, शाहजहांपुर। आगामी त्योहारों के मद्देनजर पुलिस प्रशासन ने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सतर्कता बढ़ा दी है। पुलिस अधीक्षक शाहजहांपुर के निर्देशन में सोमवार को एसडीएम पुवायां और क्षेत्राधिकारी पुवायां ने पुलिस बल के साथ थाना खुटार क्षेत्र में पैदल गश्त की।
इस दौरान अधिकारियों ने प्रमुख बाजारों, भीड़भाड़ वाले स्थानों और संवेदनशील क्षेत्रों का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। पुलिस टीम ने व्यापारियों और आमजन से संवाद करते हुए त्योहारों को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने की अपील की। गश्त के दौरान संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग भी की गई।
अधिकारियों ने क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिसकर्मियों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। साथ ही संवेदनशील स्थानों पर लगातार निगरानी रखने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल उच्चाधिकारियों को देने को कहा गया। अधिकारियों ने कहा कि त्योहारों के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी तरह सतर्क है और आमजन की सुरक्षा को प्राथमिकता दी जा रही है।

