**एक्शन मोड में सीडीओ, लगातार छापों से विभागों में मचा हड़कंप**
मेडिकल कॉलेज पर सख्त रुख, वार्ड-वार्ड पहुंचकर परखी व्यवस्थाएं
शाहजहांपुर। मुख्य विकास अधिकारी उत्कर्ष द्विवेदी रविवार को भी एक्शन मोड में नजर आए। उन्होंने अवकाश के दिन राजकीय मेडिकल कॉलेज और महिला चिकित्सालय का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मचा दिया। बिना पूर्व सूचना पहुंचे सीडीओ ने अस्पतालों की व्यवस्थाओं, साफ-सफाई, दवा उपलब्धता और मरीजों को दी जा रही सुविधाओं की गहन पड़ताल की। सीडीओ सबसे पहले इमरजेंसी वार्ड पहुंचे, जहां भर्ती मरीजों से बातचीत कर हालचाल जाना। यहां बुखार और सड़क हादसे से जुड़े मरीज भर्ती मिले। इसके बाद टीबी वार्ड में भर्ती मरीजों से भी बातचीत की गई। मुख्य भवन में ट्रॉमा, मेल सर्जिकल, फीमेल सर्जिकल, एसएनसीयू, आईसीयू, फीमेल मेडिसिन, ऑर्थो और मेल मेडिसिन वार्डों का एक-एक कर निरीक्षण किया गया। इसके बाद महिला चिकित्सालय पहुंचकर लेबर रूम, ओपीडी, गायनी वार्ड, पीडिया वार्ड, पीएनसी, ऑर्थो, मेडिसिन वार्ड और प्रशासनिक कार्यालय का जायजा लिया। मरीजों और तीमारदारों से सीधे बातचीत कर व्यवस्थाओं की हकीकत जानी। निरीक्षण के दौरान कई स्थानों पर संबंधित चिकित्सकों और स्टाफ को मौके पर बुलाकर आवश्यक निर्देश दिए गए। दवा कक्षों में दवाओं की उपलब्धता, स्टॉक और एक्सपायरी डेट की बारीकी से जांच की गई। अस्पताल परिसर में शौचालयों की स्वच्छता, पेयजल व्यवस्था और साफ-सफाई हर हाल में बेहतर रखने के निर्देश दिए गए। सीडीओ ने मेडिकल स्टाफ की उपस्थिति भी जांची और स्पष्ट कहा कि मरीजों के इलाज में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कुपोषित बच्चों की बेहतर देखभाल और गंभीर मरीजों को त्वरित उपचार देने पर विशेष जोर दिया गया। आयुष्मान कार्ड सेंटर पर तैनात आरोग्य मित्रों को निर्देश दिए गए कि पात्र मरीजों को योजना का तत्काल लाभ मिले और भुगतान प्रक्रिया में देरी न हो। जिला अस्पताल में फिलहाल हीट स्ट्रोक का कोई मरीज भर्ती नहीं मिला, लेकिन बढ़ती गर्मी को देखते हुए ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में जागरूकता अभियान चलाने के आदेश दिए गए। सीडीओ के इस औचक निरीक्षण से स्वास्थ्य विभाग में पूरे दिन हलचल बनी रही।

