जिस आशिक से पति को मरवाया, उसे भी छोड़ा... फिर तीसरे को बनाया हमसफर, बागपत की साईन बेगम अरेस्ट

0 India100news

 जिस आशिक से पति को मरवाया, उसे भी छोड़ा... फिर तीसरे को बनाया हमसफर, बागपत की साईन बेगम अरेस्ट


यूपी के बागपत में सामने आए इस हत्याकांड की कहानी चौंका देने वाली है. पुलिस का कहना है कि पत्नी साईन उर्फ साइना ने अपने प्रेमी सारिम उर्फ कटा के साथ मिलकर पति रियासत की हत्या कर दी थी.


वारदात के वक्त उसने पति के पैर पकड़ लिए और प्रेमी ने चाकू से हमला किया. इसमें रियासत की जान चली गई. हत्या के बाद साईन और सारिम दोनों फरार हो गए. पुलिस उनकी तलाश कर रही थी. फिर कहानी में एक और मोड़ आया. जिस सारिम के साथ मिलकर साईन पर पति की हत्या का आरोप है, बाद में उसी से उसने दूरी बना ली.


पुलिस के मुताबिक, साईन ने मुजफ्फरनगर के बुढ़ाना इलाके के एक गांव में रहने वाले युवक से दूसरा निकाह कर लिया और उसके साथ रहने लगी. अब करीब 11 महीने बाद बागपत पुलिस ने साईन को गिरफ्तार कर लिया है. उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था. पुलिस ने उसे कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया.


मामला बागपत कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला केतीपरा की नई बस्ती का है. हापुड़ जिले के भटियाना गांव का रहने वाला रियासत अपने परिवार के साथ यहां रहता था. पुलिस के मुताबिक, इसी दौरान उसकी पत्नी साईन उर्फ साइना की पड़ोस में रहने वाले सारिम उर्फ कटा से नजदीकियां बढ़ गईं.


दोनों के बीच प्रेम संबंध बन गए. कुछ समय बाद रियासत को इस रिश्ते की जानकारी हो गई. उसने इसका विरोध किया. इसी बात को लेकर घर में विवाद होने लगा. पुलिस का आरोप है कि साईन और सारिम ने रियासत को रास्ते से हटाने की प्लानिंग बना ली. इसके बाद 25 नवंबर 2025 की शाम वह घटना हुई, जिसने पूरे परिवार को झकझोर दिया.


पुलिस के मुताबिक, 25 नवंबर 2025 की शाम रियासत ने सारिम को अपने घर में देख लिया. इस बात पर दोनों के बीच कहासुनी और विवाद हुआ. इसी दौरान सारिम ने रियासत पर चाकू से हमला कर दिया. आरोप है कि साईन ने इस दौरान अपने पति के पैर पकड़ लिए, ताकि वह बचकर भाग न सके. वहीं सारिम ने रियासत के सीने पर चाकू से कई वार किए. गंभीर चोटों के चलते रियासत की मौत हो गई.


रियासत की हत्या के बाद परिवार में कोहराम मच गया. उसके भाई इसरार ने बागपत कोतवाली में साईन और सारिम के खिलाफ केस दर्ज कराया. पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और दोनों आरोपियों की तलाश में दबिश देने लगी.


हत्या के बाद प्रेमी से भी अलग हो गई साईन


पुलिस के मुताबिक, रियासत की हत्या के बाद साईन और सारिम दोनों फरार हो गए थे. दोनों पर इनाम घोषित किया गया और पुलिस उनकी तलाश कर रही थी. कुछ समय बाद सारिम ने कोर्ट में सरेंडर कर दिया. दूसरी तरफ साईन ने उससे दूरी बना ली. पुलिस की जांच में सामने आया कि उसने मुजफ्फरनगर जिले के बुढ़ाना थाना क्षेत्र के एक गांव के युवक से दूसरा निकाह कर लिया था. वह उसके साथ रहने लगी थी. यानी जिस अफेयर को लेकर हत्या की साजिश रची गई थी, वह रिश्ता भी बाद में कायम नहीं रहा. साईन ने दूसरी शादी कर ली, जबकि सारिम हत्या के मामले में कोर्ट के सामने पेश हो गया.


करीब 11 महीने से पुलिस साईन की तलाश कर रही थी. उस पर 25 हजार रुपये का इनाम था. अब बागपत कोतवाली पुलिस को मुखबिर से उसकी मौजूदगी की सूचना मिली. इसके बाद पुलिस ने घेराबंदी कर उसे एक होटल के पास से गिरफ्तार कर लिया.


गिरफ्तारी के बाद उसे कोर्ट में पेश किया गया, जहां से न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया. बागपत की सीओ डॉ. सुकन्या शर्मा के मुताबिक, करीब 11 महीने पहले महिला ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर अवैध संबंधों के चलते पति की हत्या की थी. महिला पर 25 हजार रुपये का इनाम था. पुलिस ने अब उसे गिरफ्तार कर लिया है.


साईन की गिरफ्तारी के बाद भी रियासत के परिवार की परेशानी खत्म नहीं हुई है. मृतक के भाई इसरार का आरोप है कि साईन के परिवार के कुछ लोग उन पर समझौता करने और केस में फैसला करने का दबाव बना रहे हैं. परिवार का कहना है कि उन्हें धमकियां भी दी जा रही हैं. इसरार ने पुलिस से मांग की है कि धमकी देने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाए और परिवार को सुरक्षा दी जाए. फिलहाल पुलिस ने साईन को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. सारिम पहले ही अदालत में सरेंडर कर चुका है.

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

About Us

Developers. Simple and elegant themes for making it more comfortable