### शाहजहांपुर में खाद्य विभाग की छापेमारी, 300 किलो खराब खोया कराया नष्ट
मिठाई की दुकानों से छेना, सोनपापड़ी और लौंग के नमूने जांच को भेजे, कई प्रतिष्ठानों को नोटिस
शाहजहांपुर। दीपावली के त्योहार को देखते हुए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने शनिवार को जिले में मिठाई की दुकानों और खोया की बिक्री पर विशेष अभियान चलाया। मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी सुभाष तिवारी के नेतृत्व में टीम ने शहर के विभिन्न प्रतिष्ठानों का सघन निरीक्षण किया। इस दौरान गुणवत्ता पर संदेह होने पर मिठाइयों और खोया के कुल सात नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए।
खाद्य विभाग की टीम ने गायत्री स्वीट्स लाल इमली, शक्ति स्वीट्स लाल इमली, शुभदीया स्वीट्स, ओमवीर की दुकान रोजा कोठी, आर्या स्वीट हाउस बरेली मोड़, ओम स्वीट हाउस केरूगंज, आकाश स्वीट हाउस चौक, श्याम मिष्ठान भंडार, चंदना स्वीट्स गोविंदगंज, स्कंद स्वीट्स बहादुरगंज और सर्वेश कुमार मिष्ठान भंडार शाहबाजनगर का निरीक्षण किया। इस दौरान मिठाइयों पर एक्सपायरी डेट लिखने और खाद्य रंगों का निर्धारित मात्रा में प्रयोग करने के निर्देश दिए गए।
गुणवत्ता पर संदेह होने पर शुभ दीया स्वीट्स से छेना मिठाई, ओमवीर की मिठाई निर्माण इकाई से सोनपापड़ी तथा सर्वेश कुमार मिष्ठान भंडार से लौंग के नमूने लेकर जांच के लिए भेजे गए। वहीं शुभ दीया स्वीट्स, ओम स्वीट हाउस, ओमवीर और सर्वेश कुमार मिष्ठान भंडार में साफ-सफाई की कमियां मिलने पर नोटिस जारी करने की कार्रवाई की जा रही है।
300 किलो खोया मौके पर कराया नष्ट
इसी क्रम में खाद्य विभाग की टीम ने खेड़ा बजेरा चौराहे के पास गढ़िया रंगीन शाहजहांपुर से बरेली की ओर जा रहे वाहन संख्या UP25ET4372 को रोककर खोया की जांच की। वाहन में लगभग 300 किलोग्राम खोया लदा हुआ था। खोया में अत्यधिक दुर्गंध और खट्टापन पाए जाने पर उसे मानव उपभोग के लिए अनुपयुक्त मानते हुए मौके पर ही नष्ट करा दिया गया। इसकी अनुमानित बाजार कीमत करीब 78 हजार रुपये बताई गई है। टीम ने खोया के चार नमूने भी लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे हैं।
खाद्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि नमूनों की जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी। दीपावली त्योहार को देखते हुए मिलावटखोरी के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।
आपका अपना शहर Aapka Apna Shahar