संभल पुलिस अधीक्षक विकास चन्द्र त्रिपाठी ने आगामी धनतेरस एवं दीपावली पर्व को शांतिपूर्ण व सकुशल संपन्न कराने के उद्देश्य से अपर पुलिस अधीक्षक (उत्तरी) सुमित सुधाकर रामटेके, सीओ संभल, सीओ असमोली तथा भारी पुलिस बल, पीएसी व आरआरएफ के जवानों के साथ कोतवाली संभल, रायसत्ती और नखासा क्षेत्र में फ्लैग मार्च किया। फ्लैग मार्च के दौरान एसपी ने प्रमुख बाजारों, भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों और संवेदनशील स्थानों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था परखी तथा मातहत अधिकारियों को कड़े दिशा-निर्देश दिए। सुरक्षा के मद्देनजर संवेदनशील इलाकों में सीसीटीवी कैमरों से कंट्रोल रूम के जरिए लगातार निगरानी रखी जा रही है और 'यक्ष' ऐप के जरिए अपराधियों का सत्यापन कर कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है। वहीं जनपदीय सोशल मीडिया सेल द्वारा भ्रामक और आपत्तिजनक पोस्ट करने वाले अराजक तत्वों पर पैनी नजर रखी जा रही है। एसपी ने आमजन से किसी भी अफवाह पर ध्यान न देने, त्योहारों को आपसी भाईचारे व सौहार्द के साथ मनाने तथा शांति व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करने की अपील की है।
#SPSambhal #VikasChandraTripathi #SambhalPolice #UPPolice #FlagMarch #DiwaliSecurity #SambhalUpdate #SambhalNews #LawAndOrderUP