शाहजहांपुर। राष्ट्रीय स्वैच्छिक रक्तदान दिवस पर राजकीय मेडिकल कॉलेज एवं संबद्ध जिला चिकित्सालय के रक्तकोष विभाग में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इसमें रक्तदान एवं मानव सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य के लिए इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी, शाहजहांपुर शाखा को सम्मानित किया गया। संस्था के सचिव डॉ. विजय जौहरी को शाल ओढ़ाकर प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया।
डॉ. जौहरी ने कहा कि रक्तदान किसी अनजान व्यक्ति को जीवन देने का माध्यम है। उन्होंने बताया कि रेड क्रॉस जनपद में रक्तदान को जनअभियान बनाने के लिए व्यापार मंडलों, सामाजिक संस्थाओं, युवाओं और समाजसेवियों के सहयोग से ब्लड ग्रुप कार्ड अभियान चलाएगी। साथ ही ‘जन्मदिन पर मां के नाम रक्तदान’ संदेश को जन-जन तक पहुंचाकर लोगों को स्वैच्छिक रक्तदान के लिए प्रेरित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि रक्त का कोई जाति-धर्म नहीं होता और जरूरत के समय यही रक्त किसी भी व्यक्ति का जीवन बचाता है। समारोह में डॉ. जीतू राज, डॉ. एनपी गंगवार, डॉ. सरोज कुमार, डॉ. शादाब हुसैन सहित चिकित्सक एवं सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
#शाहजहांपुर #रक्तदान #रेडक्रॉस #मानवसेवा #स्वैच्छिकरक्तदान


