***भारी वाहनों की आवाजाही से पैतापुर मार्ग की सड़क क्षतिग्रस्त, जाम से ग्रामीण परेशान***
--हर वर्ष मरम्मत के बावजूद सड़क की हालत पर उठ रहे सवाल, स्कूली बच्चों और मरीजों को भी होती है दिक्कत
शाहजहांपुर। थाना रोजा क्षेत्र में ओवरब्रिज के पास मंडी वेयरहाउस के पीछे से पैतापुर जाने वाली सड़क की हालत को लेकर स्थानीय ग्रामीणों में नाराजगी है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार इस मार्ग पर सड़क का निर्माण अथवा मरम्मत लगभग हर वर्ष कराई जाती है, इसके बावजूद कुछ समय बाद सड़क दोबारा क्षतिग्रस्त हो जाती है।
स्थानीय लोगों के अनुसार सड़क के किनारे एक ठेकेदार का कथित निवास, मिक्सर प्लांट अथवा स्टॉक मैदान होने के कारण इस मार्ग पर बड़े और भारी वाहनों की आवाजाही अधिक रहती है। ग्रामीणों का कहना है कि अधिक भार लेकर गुजरने वाले वाहनों के कारण सड़क के किनारे की पटरी और सड़क का हिस्सा बार-बार टूटकर खराब हो जाता है।
ग्रामीणों के मुताबिक लंबे और भारी वाहनों के आवागमन के दौरान कई बार सड़क पर जाम की स्थिति भी बन जाती है। इसका सबसे अधिक असर स्कूली बच्चों, राहगीरों और ग्रामीणों के साथ-साथ मरीजों को लेकर आने-जाने वाले वाहनों पर पड़ता है। जाम लगने के कारण लोगों को काफी देर तक रास्ता खुलने का इंतजार करना पड़ता है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि जब वाहन चालकों से सड़क पर हो रही परेशानी के संबंध में बात की जाती है तो कुछ चालक जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ते हुए ठेकेदार से बात करने की बात कहते हैं। इससे ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ रही है।
लोगों का कहना है कि यदि सड़क का बार-बार निर्माण और मरम्मत कराया जा रहा है तो उसकी गुणवत्ता और भारी वाहनों की आवाजाही के प्रभाव की भी जांच होनी चाहिए। साथ ही यह भी देखा जाना चाहिए कि मार्ग पर चलने वाले भारी वाहनों के लिए निर्धारित भार सीमा और यातायात नियमों का पालन हो रहा है या नहीं।
ग्रामीणों ने संबंधित विभागों से मार्ग का स्थलीय निरीक्षण कराने, सड़क क्षतिग्रस्त होने के कारणों की जांच करने तथा भारी वाहनों की आवाजाही से उत्पन्न जाम की समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की है। वहीं, पुलिस प्रशासन, यातायात पुलिस और परिवहन विभाग की भूमिका को लेकर भी स्थानीय लोग सवाल उठा रहे हैं।


