किसान हत्याकांड में फरार आरोपियों पर केस उठाने की धमकी देने का आरोप, पीड़ित परिवार ने मांगी सुरक्षा

Cjp
0

 किसान हत्याकांड में फरार आरोपियों पर केस उठाने की धमकी देने का आरोप, पीड़ित परिवार ने मांगी सुरक्षा



कटिहार (कुरसेला). गंगा नदी पार गोबराही दियारा के घाट टोला कामत में किसान की बांस से पीट-पीटकर हत्या के मामले में पीड़ित परिवार ने फरार आरोपियों पर केस उठाने के लिए धमकी देने का आरोप लगाया है.


परिवार का कहना है कि लगातार मिल रही धमकियों के कारण वे दहशत में हैं और खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं. पीड़िता दुखनी देवी, पति संजय महतो, निवासी नया टोला बिंदटोली वार्ड-09, गांधी ग्राम ने पूर्णिया प्रक्षेत्र के पुलिस उप महानिरीक्षक, कटिहार एसपी और कुरसेला थाना में आवेदन देकर सभी आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी और सुरक्षा की मांग की है.


पुरानी दुश्मनी में किसान की हत्या का आरोप


पीड़िता की ओर से दिए गए आवेदन के अनुसार, घटना 28 जून की रात करीब 9:30 बजे की है. आरोप है कि पुरानी दुश्मनी को लेकर रवि महतो उर्फ रब्बो ने उनके ससुर रमानंद महतो (60 वर्ष) के सिर और शरीर पर बांस से वार किया, जिससे उनकी मौत हो गई. आवेदन में यह भी आरोप लगाया गया है कि बीच-बचाव करने पहुंचीं सास सुनैना देवी पर दूसरे आरोपी ने दबिया से हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया. घटना के संबंध में कुरसेला थाना में कांड संख्या 249/26 दर्ज किया गया था. मामले में पांच लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है.


मुख्य आरोपी गिरफ्तार, चार अन्य अब भी फरार


पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी रवि महतो उर्फ रब्बो को नवगछिया से गिरफ्तार किया था. गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायिक हिरासत में कटिहार जेल भेज दिया गया. हालांकि, पीड़ित परिवार के अनुसार, मामले में नामजद चार अन्य आरोपी अब भी फरार हैं. परिवार का आरोप है कि फरार आरोपी केस उठाने का दबाव बना रहे हैं. पीड़िता के मुताबिक, उन्हें धमकी दी जा रही है कि मामला वापस नहीं लेने पर गंभीर परिणाम भुगतने होंगे. इन धमकियों के कारण परिवार के सदस्य डरे हुए हैं और खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं.


नाबालिग बेटी से जबरन शादी के प्रस्ताव का आरोप


पीड़िता ने एक अन्य आवेदन में दावा किया है कि इस हत्याकांड के पीछे उनकी नाबालिग बेटी से जबरन शादी करने का विवाद है. आवेदन के अनुसार, 7 मई को मुख्य आरोपी ने उनकी 14 वर्षीय बेटी से शादी करने का प्रस्ताव रखा था.पीड़िता का आरोप है कि प्रस्ताव का विरोध करने और उसे ठुकराने के बाद विवाद बढ़ा, जिसके बाद उनके ससुर की हत्या की घटना को अंजाम दिया गया. हालांकि, इन आरोपों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी.


फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी


पीड़ित परिवार ने पुलिस अधिकारियों से फरार आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने और परिवार को सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है. परिवार का कहना है कि धमकियों के कारण वे भय के माहौल में जी रहे हैं और उन्हें न्याय मिलने की उम्मीद है. पुलिस के अनुसार, फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है. मामले में आगे की कार्रवाई जारी है.

Post a Comment

0 Comments

Post a Comment (0)
10/related/default