प्रेम प्रसंग में बाधा बने पिता की नाबालिग बेटी ने प्रेमी संग मिलकर सिलबट्टा से कुचलकर कर दी हत्या*

Cjp
0

 **प्रेम प्रसंग में बाधा बने पिता की नाबालिग बेटी ने प्रेमी संग मिलकर सिलबट्टा से कुचलकर कर दी हत्या**



--पिता की हत्या करने के बाद बेटी व उसके प्रेमी ने पिता की लाश के सामने रात भर किया रोमांस

--शव फ्रिज में नहीं समाया तो बक्से में छिपाया, पड़ोसियों को बदबू आई तो हुआ खुलासा

नींद की गोलियां देकर पिता को किया बेहोश

--नाबालिग बेटी और प्रेमी गिरफ्तार


इटावा। प्रेम प्रसंग का विरोध करने पर एक नाबालिग बेटी ने प्रेमी के साथ मिलकर पिता की हत्या कर दी। हत्या के बाद शव को फ्रिज में छिपाने की कोशिश की गई, लेकिन शव नहीं आया तो उसे कपड़ों और कंबल में लपेटकर बक्से में बंद कर दिया। घर से दुर्गंध उठने पर पड़ोसियों को शक हुआ, जिसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव बरामद किया। पुलिस ने इस मामले में मृतक की नाबालिग बेटी और उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है। मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र की काशीराम कॉलोनी का है। यहां करीब 55 वर्षीय श्याम सुंदर एक होटल में सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी करते थे। उनकी पत्नी की मृत्यु हो चुकी थी और दोनों बड़ी बेटियों की शादी हो गई थी। वह अपनी छोटी बेटी के साथ कॉलोनी में मिले आवास में रहते थे। पुलिस को घर में रखे बक्से से उनका शव मिला। शुरुआती जांच में हत्या के बाद शव छिपाने की बात सामने आई। पुलिस के मुताबिक श्याम सुंदर की नाबालिग बेटी का अभिलाष सिंह नाम के युवक से प्रेम प्रसंग था। दोनों की मुलाकात करीब पांच महीने पहले मोबाइल नंबर रिचार्ज कराने के दौरान हुई थी। इसके बाद दोनों के बीच बातचीत शुरू हो गई। बताया जाता है कि बेटी अपने पिता के मोबाइल फोन से भी प्रेमी से बात करती थी। पिता को जब इस रिश्ते की जानकारी हुई तो उन्होंने बेटी को डांटा और प्रेम प्रसंग से दूर रहने को कहा। आरोप है कि इसी बात से नाराज होकर बेटी और उसके प्रेमी ने श्याम सुंदर की हत्या की योजना बना ली। पुलिस की प्रारंभिक जांच के अनुसार 21 अक्टूबर की रात श्याम सुंदर घर लौटे थे। आरोप है कि बेटी और उसके प्रेमी ने उन्हें चाय या खाने में नींद की गोलियां दे दीं। बेहोशी की हालत में पहुंचने के बाद उन पर चाकू और सिलबट्टे के लोढ़े से हमला किया गया। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने श्याम सुंदर को चारपाई से बांधकर उनके सिर पर लोढ़े से वार किया और चाकू से भी हमला किया। गंभीर चोटों के कारण उनकी मौत हो गई।


!!फ्रिज में नहीं समाया शव तो बक्से में किया बंद!!


हत्या के बाद आरोपियों ने शव ठिकाने लगाने के बजाय घर में ही छिपाने की कोशिश की। पुलिस के अनुसार, शव के हाथ-पैर बांधकर उसे फ्रिज में रखने का प्रयास किया गया, लेकिन वह उसमें नहीं समाया। इसके बाद बक्से में रखे कपड़े निकालकर शव को कपड़ों और कंबल में लपेटा गया और बक्से में बंद कर दिया गया। आरोप है कि घर में ताला लगाकर दोनों वहां से चले गए। पुलिस का यह भी कहना है कि मृतक का मोबाइल फोन साक्ष्य मिटाने के इरादे से नाले में फेंक दिया गया। घर बंद रहने के करीब तीन दिन बाद दुर्गंध आने लगी। इस पर पड़ोसियों को अनहोनी की आशंका हुई और उन्होंने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घर की तलाशी ली तो बक्से से श्याम सुंदर का शव बरामद हुआ। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

एसएसपी बृजेश कुमार श्रीवास्तव के मुताबिक, पुलिस ने नाबालिग बेटी और उसके प्रेमी अभिलाष सिंह को ग्राम सराय ऐसर के पास चकरोड से गिरफ्तार किया है। दोनों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) और 238 के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस मामले में साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।

Post a Comment

0 Comments

Post a Comment (0)
10/related/default