इलाहाबाद यूनिवर्सिटी का गेट घेरने में 9 छात्रों पर FIR:कुलसचिव की गाड़ी रोकी थी, सीनेट परिसर के गेट नंबर-1 पर किया था प्रदर्शन

India100news
0

 इलाहाबाद यूनिवर्सिटी का गेट घेरने में 9 छात्रों पर FIR:कुलसचिव की गाड़ी रोकी थी, सीनेट परिसर के गेट नंबर-1 पर किया था प्रदर्शन



प्रयागराज। इलाहाबाद विश्वविद्यालय के सीनेट परिसर स्थित गेट नंबर-1 को रोककर आवागमन और विश्वविद्यालय के कामकाज में बाधा डालने के मामले में कर्नलगंज थाने में FIR दर्ज की गई है। विश्वविद्यालय प्रशासन की तहरीर पर 9 छात्रों को नामजद किया गया है। पुलिस अब मामले में उपलब्ध वीडियो फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच कर रही है।


29 सितंबर की शाम हुआ था प्रदर्शन


विश्वविद्यालय प्रशासन के मुताबिक, 29 सितंबर की शाम करीब 5:20 बजे सीनेट परिसर के गेट नंबर-1 पर छात्रों और कुछ बाहरी लोगों ने प्रदर्शन करते हुए मुख्य प्रवेश द्वार को रोक दिया। इससे शिक्षक, अधिकारी, कर्मचारी और विद्यार्थियों के आवागमन पर असर पड़ा।


इसी दौरान विश्वविद्यालय के कुलसचिव की गाड़ी भी रोक दी गई। प्रशासन का आरोप है कि कुलसचिव को वाहन से उतरने के लिए मजबूर किया गया और उन पर दबाव बनाने का प्रयास किया गया।


इन 9 छात्रों को किया गया नामजद


विश्वविद्यालय की ओर से दी गई तहरीर में गौरव कुमार, आशुतोष मौर्य, अनुराग यादव, प्रियांशु भुरतिया, आयुष यादव, अमित यादव, रोशन कुमार, राकेश कुमार और ऋषिकेश के नाम शामिल हैं।


तहरीर के अनुसार, इनमें कई छात्र विश्वविद्यालय के अलग-अलग पाठ्यक्रमों में अध्ययनरत हैं।


* आयुष यादव — बीए द्वितीय वर्ष

* अमित यादव — बीए तृतीय वर्ष

* रोशन कुमार — बीए तृतीय वर्ष

* राकेश कुमार — बीए द्वितीय वर्ष

* ऋषिकेश — एमएससी द्वितीय वर्ष, गणित


कई अज्ञात लोगों की भी पहचान होगी


विश्वविद्यालय प्रशासन ने तहरीर में कहा है कि नामजद छात्रों के अलावा अन्य लोग भी प्रदर्शन में शामिल थे। उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर उनकी पहचान कर उनके खिलाफ भी कार्रवाई की मांग की गई है।


विश्वविद्यालय प्रशासन का कहना है कि छात्रों की मांगों और समस्याओं को लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण तरीके से रखने के लिए वह संवाद और वार्ता के लिए तैयार है। परिसर में धरना-प्रदर्शन और मांग रखने के लिए निर्धारित स्थान भी उपलब्ध है। प्रशासन के मुताबिक, इसके बावजूद मुख्य प्रवेश द्वार को अवरुद्ध करना विश्वविद्यालय की सामान्य व्यवस्था और शैक्षणिक वातावरण को प्रभावित करता है।


प्रभारी प्रॉक्टर ने दी तहरीर


मामले में प्रभारी कुलानुशासक प्रो. पवन कुमार शर्मा की ओर से पुलिस को तहरीर दी गई।


कर्नलगंज थाना प्रभारी ज्ञानेश्वर मिश्रा ने बताया कि घटना के दौरान मौजूद लोगों, वीडियो फुटेज और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर नामजद छात्रों की भूमिका की जांच की जा रही है। साथ ही घटना में शामिल अन्य लोगों की पहचान भी की जा रही है।


📲 त्वरित अपडेट/खबर पाने के लिए GONDA , UP पेज के व्हाट्सएप चैनल को फॉलो करें 👉


https://whatsapp.com/channel/0029VbC57x02975AxIqjyJ45

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
To Top