खिरनी बाग रामलीला मैदान का अपर जिलाधिकारी ने किया निरीक्षण
8 अक्टूबर तक शहर चमकाने के निर्देश, सीवर-नालियां और लटकते बिजली तार भी आए निशाने पर
शाहजहांपुर।रामलीला और दशहरा करीब आते ही आखिरकार शहर की बदहाल सड़कों और चरमराई व्यवस्थाओं पर प्रशासन की नजर पड़ गई। जिस शहर में महीनों से सड़कें गड्ढों में तब्दील हैं, नालियां टूटी पड़ी हैं और कई जगह बिजली के तार जानलेवा अंदाज में लटक रहे हैं, वहां अब 8 अक्टूबर से पहले व्यवस्थाएं दुरुस्त कराने के निर्देश दिए गए हैं।
शारदीय नवरात्र और दशहरा पर्व को देखते हुए मंगलवार को नगर आयुक्त के निर्देशन में अधिकारियों ने गणेश शोभायात्रा के प्रस्तावित रूट का निरीक्षण किया।निरीक्षण के दौरान सड़क के गड्ढे, सीवर लाइन, टूटी नालियां, जल निकासी, जर्जर विद्युत पोल और लटकते तारों की खामियां चिन्हित की गईं।
सबसे बड़ा सवाल यही है कि जब पर्व नजदीक नहीं था, तब इन समस्याओं पर नजर क्यों नहीं गई? क्या शहर की सड़कें और नालियां केवल शोभायात्रा निकलने से पहले ही दुरुस्त होंगी? आम लोगों को रोजाना जिन गड्ढों और अव्यवस्थाओं से जूझना पड़ रहा है, उनका स्थायी समाधान कब होगा?
8 अक्टूबर को गांधीगंज स्थित श्री नर्सिंग भगवान मंदिर से गणेश शोभायात्रा निकलेगी, जो रंगमहला, चारखंभा, चौक, कच्चा कटरा, अंजान चौकी, घंटाघर, बहादुरगंज और सदर बाजार थाने के सामने से होते हुए खिरनीबाग रामलीला मैदान पहुंचेगी। ऐसे में प्रशासन के सामने अब समय कम और व्यवस्थाएं दुरुस्त करने की चुनौती बड़ी है।
दुर्गा पूजा और दशहरा के दौरान भीड़ को देखते हुए यातायात व्यवस्था संभालने के लिए क्षेत्राधिकारी यातायात को आवश्यक इंतजाम करने के निर्देश दिए गए हैं।
अब देखने वाली बात यह होगी कि 8 अक्टूबर तक सिर्फ कागजों पर निर्देश पूरे होते हैं या वास्तव में शहर की सड़कें, नालियां, सीवर और बिजली व्यवस्था जमीन पर भी दुरुस्त नजर आती है।


