कोई टाइटल नहीं

0 India100news

 पत्थर नसब के नाम पर रिश्वत, 10 हजार लेते कानूनगो गिरफ्तार


शुकुल बाजार के सुंदर होटल में विजिलेंस टीम अयोध्या ने बिछाया जाल, दो साल पहले पैमाइश के दौरान हुआ था हमला; पलिया पश्चिम में तैनाती के दौरान भी विवादों में रहे


शुकुल बाजार, (अमेठी)। जन हुंकार - जमीन की पैमाइश और पत्थर नसब के नाम पर रिश्वतखोरी के मामले में मंगलवार को विजिलेंस टीम अयोध्या ने बड़ी कार्रवाई की। मुसाफिरखाना तहसील के शुकुल बाजार क्षेत्र में तैनात राजस्व निरीक्षक (कानूनगो) संतराम को थाने के बगल स्थित सुंदर होटल में 10 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई से राजस्व विभाग में खलबली मच गई।

जानकारी के मुताबिक, बूबूपुर गांव निवासी अयोध्या प्रसाद यादव का गांव के ही रामसमुझ से जमीन के पत्थर नसब को लेकर विवाद चल रहा है। आरोप है कि जमीन की पैमाइश और राजस्व संबंधी कार्रवाई के नाम पर कानूनगो संतराम ने 10 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी। शिकायत मिलने पर विजिलेंस टीम अयोध्या ने जाल बिछाया। मंगलवार को एक व्यक्ति के माध्यम से रिश्वत की रकम कानूनगो तक पहुंचाई गई। जैसे ही उन्होंने रकम ली, पहले से घात लगाए बैठी टीम ने उन्हें रंगेहाथ दबोच लिया।

बताया गया कि मंगलवार दोपहर करीब चार बजे कानूनगो पूरे जीत तिवारी और संसारपुर में अंजनी कुमार तिवारी की जमीन की पैमाइश करने के बाद शुकुल बाजार पहुंचे थे। इसके बाद थाने के बगल स्थित सुंदर होटल में रिश्वत की रकम लेते ही टीम ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। थाना प्रभारी गजेंद्र सिंह ने गिरफ्तारी की पुष्टि की है। गिरफ्तारी के बाद विजिलेंस टीम कानूनगो को अपने साथ अयोध्या ले गई।

दो साल पहले पैमाइश के दौरान हुआ था हमला

25 जुलाई 2024 को बख्तावर ग्राम सभा में जमीन की पैमाइश कर लौटते समय कानूनगो संतराम पर मसरूर पुत्र मकबूल और उसके साथियों ने लाठी-डंडों तथा धारदार हथियार से हमला किया था। हमले में उनके सिर पर गंभीर चोट आई थी। पुलिस ने इस मामले में आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था।

पलिया पश्चिम में तैनाती के दौरान भी रहे विवादों मे

पूर्व में विकासखंड जगदीशपुर के पलिया पश्चिम में तैनाती के दौरान भी कानूनगो संतराम कथित तौर पर विवादों में रहे थे। उस समय एक कथित पत्रकार के साथ लेनदेन को लेकर मामला चर्चा में आया था। हालांकि, इस प्रकरण की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है।

विजिलेंस टीम में ये रहे शामिल

विजिलेंस टीम अयोध्या के प्रभारी इंस्पेक्टर कौशलेंद्र प्रताप सिंह के नेतृत्व में कार्रवाई की गई। टीम में जेपी सिंह, रामपाल सिंह, आशीष सिंह, उपनिरीक्षक राम बहादुर यादव, मुख्य आरक्षी सुजीत कुमार, अखिलेश और जगदीश शामिल रहे।

#AmethiNews #AntiCorruption #UttarPradesh #UPPolice #UPVigilance #DMAmethi #CMOfficeUP #RakeshTikait #RajveerSinghJadon #BKUTikait #BKU


एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

About Us

Developers. Simple and elegant themes for making it more comfortable