**घरेलू विवाद में पति ने पत्नी को मारी गोली, मौत**
--मायके से ससुराल पहुंची थी रेश्मा, वारदात के बाद आरोपी पति हिरासत में
शाहजहांपुर। थाना निगोही क्षेत्र के त्रिलोकपुरी गांव में मंगलवार दोपहर घरेलू विवाद के चलते पति ने पत्नी की गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात के बाद गांव में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी पति शिवम को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। मृतका की पहचान 22 वर्षीय रेश्मा के रूप में हुई है। उसका मायका निगोही क्षेत्र के चौड़ेरा गांव में है। रेश्मा की शादी करीब तीन साल पहले त्रिलोकपुरी निवासी शिवम से हुई थी। बताया जा रहा है कि दंपती के बीच काफी समय से घरेलू विवाद चल रहा था। मंगलवार सुबह ही रेश्मा मायके से ससुराल आई थी। दोपहर करीब एक बजे घर के अंदर पति-पत्नी के बीच फिर विवाद हो गया। इसी दौरान गोली चलने की आवाज सुनाई दी। गोली लगने से रेश्मा की मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग घर के बाहर जुट गए और मायके पक्ष को सूचना दी। परिजनों के मौके पर पहुंचते ही घर में चीख-पुकार मच गई। सूचना पर सीओ सदर शुभम वर्मा पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी। आरोपी पति को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। एसपी सिटी देवेंद्र सिंह ने बताया कि पति-पत्नी के बीच घरेलू विवाद चल रहा था। मामूली विवाद के बाद पति ने पत्नी को गोली मार दी। आरोपी को हिरासत में लेकर मामले की जांच की जा रही है।
UP Police
News20 UP
#CrimeNews
#viralreelschallenge