**पत्नी की तार से गला घोंटकर हत्या, दो बेटियों को भी मारने की कोशिश**
----बड़ी बेटी ने कमरे में बंद होकर बचाई जान, छोटी बेटी आईसीयू में जिंदगी और मौत से जूझ रही
----सनसनीखेज वारदात के बाद आरोपी पति गिरफ्तार, फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
शाहजहाँपुर। थाना रोजा क्षेत्र की आदर्श नगर कॉलोनी में सोमवार देर रात घरेलू विवाद ने खौफनाक वारदात का रूप ले लिया। आरोप है कि पति ने तार से गला घोंटकर पत्नी की हत्या कर दी। इसके बाद उसने अपनी दोनों बेटियों को भी जान से मारने का प्रयास किया। जान बचाने के लिए बड़ी बेटी ने खुद को कमरे में बंद कर लिया, जबकि छोटी बेटी गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज के आईसीयू में भर्ती है। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। जानकारी के अनुसार, कमलेश कुमार गुप्ता पुत्र रमेश गुप्ता उर्फ पहाड़ी का सोमवार रात करीब एक बजे पत्नी सीमा गुप्ता (36) से विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद के दौरान कमलेश ने तार से गला घोंटकर सीमा की हत्या कर दी। इसके बाद उसने बेटियों कोमल उर्फ नैन्सी (16) और अंजली (12) को भी निशाना बनाया। पिता के आक्रामक रुख को भांपकर बड़ी बेटी कोमल ने खुद को एक कमरे में बंद कर लिया और किसी तरह अपनी जान बचाई। वहीं, छोटी बेटी अंजली आरोपी के हाथ लग गई। आरोप है कि उसने अंजली का भी गला घोंटने का प्रयास किया, जिससे वह बेहोश हो गई।घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने गंभीर हालत में अंजली को तत्काल मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया, जहां उसका आईसीयू में उपचार चल रहा है। वारदात की जानकारी मिलते ही क्षेत्राधिकारी सदर, रोजा थाना प्रभारी उमेश कुमार मिश्रा और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया, जबकि फोरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य एकत्र किए। मेडिकल कॉलेज पहुंचे मृतका के भाई अशोक कुमार गुप्ता ने बताया कि वारदात रात करीब एक बजे हुई थी, लेकिन उन्हें तत्काल सूचना नहीं दी गई। रात करीब तीन बजे भांजी के माध्यम से बहन की हत्या और भतीजियों पर जानलेवा हमले की जानकारी मिली। इसको लेकर उन्होंने नाराजगी भी जताई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी कमलेश गुप्ता को गिरफ्तार कर लिया है। उससे पूछताछ कर घरेलू विवाद के पीछे की वजह का पता लगाया जा रहा है। इस हृदयविदारक घटना से आदर्श नगर कॉलोनी में सनसनी फैल गई। एक ही परिवार में हुई इस खौफनाक वारदात ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया। पुलिस मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई कर रही है।
