दुकान के ताले को लेकर युवती से मारपीट का आरोप, पीड़िता पहुंची एसपी कार्यालय
*शाहजहांपुर।* बजरिया, जलाल नगर स्थित दुकान के विवाद को लेकर एक युवती ने अपने ही रिश्तेदारों पर मारपीट और कपड़े फाड़ने का आरोप लगाया है। पीड़िता मुस्कान हांडा गुरुवार शाम को एसपी कार्यालय के गेट पर पहुंची और पुलिस से न्याय की मांग की।
*क्या है पूरा मामला*
मुस्कान हांडा का आरोप है कि उसके पिता पिछले 30 साल से बजरिया, जलाल नगर में किराए की दुकान चलाते थे। करी एक साल पहले उनके पिता का निधन हो गया। पिता के निधन के बाद दुकान पर लगे ताले काट दिए गए।
मुस्कान का कहना है कि इस मामले में उसने कई बार सदर थाने और एसपी कार्यालय में प्रार्थना पत्र दिया, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद उसने सदर थाने से परमिशन लेकर गुरुवार को दुकान पर अपने ताले डाले।
*ताले डालते समय मारपीट का आरोप*
मुस्कान का आरोप है कि जब वह दुकान पर ताले डाल रही थी, तभी उसकी ताई की लड़की जूही हांडा दो-तीन लड़कों के साथ वहां पहुंची और वीडियो बनाते हुए मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि इस दौरान उसके कपड़े पकड़े गए और कपड़े फाड़ने की कोशिश की गई। मुस्कान का कहना है कि किसी तरह वह भीड़ से निकलकर वहां से भागी।
पीड़िता ने आरोप लगाया कि इस घटना में उसकी ताई नीलम हांडा, उनकी पुत्री जूही हांडा, पुत्री नेहा हांडा और पुत्र अमन हांडा शामिल हैं।
*दूसरी बार मारपीट का आरोप*
मुस्कान का कहना है कि उसके साथ यह दूसरी बार मारपीट की घटना हुई है। उसने पहले भी कई जगह प्रार्थना पत्र दिए हैं।
*पुलिस से लगाई गुहार*
एसपी कार्यालय पहुंची मुस्कान ने मांग की कि उसके द्वारा डाले गए ताले न काटे जाएं, न तोड़े जाएं और मारपीट की घटना में उसे इंसाफ मिले। उसने कहा कि अब इस मामले की पूरी जिम्मेदारी पुलिस की है।
