फर्रुखाबाद में बिजली के तार चोरी करने वाले गिरोह का खुलासा, 7 आरोपी गिरफ्तार; तीन थाना क्षेत्रों में की थी लाखों की चोरी!

0 India100news

 🚨 फर्रुखाबाद में बिजली के तार चोरी करने वाले गिरोह का खुलासा, 7 आरोपी गिरफ्तार; तीन थाना क्षेत्रों में की थी लाखों की चोरी!


फर्रुखाबाद में बिजली की लाइनों और ट्रांसफॉर्मर को निशाना बनाने वाले गिरोह पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। शमशाबाद थाना पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। बुधवार दोपहर करीब 2:30 बजे पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने प्रेस वार्ता कर पूरे मामले का खुलासा किया।


पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में बिजली के तार और ट्रांसफॉर्मर से सामान चोरी की कई घटनाओं को अंजाम दिया था। 13 अक्टूबर की रात शमशाबाद थाना क्षेत्र के गांव नगला नान में 18 बिजली के पोल के तार काटकर चोरी किए गए थे। वहीं, 1 अक्टूबर को मोहम्मदाबाद कोतवाली क्षेत्र में रोहिल्ला अंडरपास के पास 14 बिजली के पोल के बीच लगे तार चोरी हुए थे।


इसके अलावा 19 अगस्त को कमालगंज थाना क्षेत्र के गांव सिधौली में एक निजी ट्यूबवेल का ट्रांसफॉर्मर जमीन पर गिराकर उसका तेल और वायरिंग भी चोरी कर ली गई थी। इन सभी मामलों में पुलिस ने मुकदमे दर्ज किए थे।


नई बिजली लाइन की पहले करते थे रेकी


पूछताछ में आरोपियों ने चोरी करने का तरीका भी बताया। पुलिस के अनुसार, आरोपी मोटरसाइकिल से पहले नई बिजली लाइनों की रेकी करते थे। उन्हें पता होता था कि नई लाइन में अभी करंट नहीं दौड़ रहा है। इसके बाद रात के अंधेरे में तार काटकर चोरी कर लेते थे। आरोपी ट्रांसफॉर्मर से तेल और कॉपर भी निकालकर चोरी करते थे। चोरी के सामान को सस्ते दामों में बेचकर मिलने वाली रकम आपस में बांट लेते थे।


ये सात आरोपी हुए गिरफ्तार


पुलिस ने कायमगंज कोतवाली क्षेत्र के कटरा रहमत खां निवासी सबलू, मऊरसीदाबाद निवासी आमिर और आसिम, नवाबगंज थाना क्षेत्र के मिल्किया गांव निवासी बीपी सिंह और लाल बहादुर, कटरा रहमत खां निवासी तस्लीम तथा शमशाबाद थाना क्षेत्र के खेड़ा कुइयां निवासी संजय गंगवार को गिरफ्तार किया है।


पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ पहले से भी आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। कुछ आरोपियों पर तीन तो कुछ पर चार मुकदमे दर्ज बताए गए हैं।


पुलिस ने यह सामान किया बरामद


आरोपियों के कब्जे से एक लोडर, हीरो और बजाज कंपनी की एक-एक मोटरसाइकिल, हाईटेंशन लाइन के बिजली तार के बंडल, चोरी की मोटी केबल के टुकड़ों से भरे छह प्लास्टिक बोरे, करीब 4 किलो तांबे की पत्तियां, दो कैंची नुमा कटर, एक इलेक्ट्रॉनिक तराजू और ट्रांसफॉर्मर के तेल से भरी एक पिपिया बरामद की गई है।


इस कार्रवाई को शमशाबाद पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीम की संयुक्त सफलता माना जा रहा है। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर चोरी की अन्य घटनाओं और गिरोह से जुड़े दूसरे लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है।


📍 फर्रुखाबाद की हर बड़ी खबर के लिए जुड़े रहें।


#Farrukhabad #FarrukhabadNews #UPPolice #BreakingNews #Shamshabad #Mohammadabad #CrimeNews #UttarPradesh

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

About Us

Developers. Simple and elegant themes for making it more comfortable