BJP की महिला नेता ने खोली संगठन की पोल! बोलीं- ‘बड़े नेताओं का बिस्तर गर्म नहीं किया, इसलिए पद नहीं मिला’; कुशीनगर में पैसे लेकर पद बांटने का भी आरोप!
'मैं तो यही जानती हूं कि मैंने बड़े-बड़े नेताओं का बिस्तर गर्म नहीं किया, इसलिए मुझे पद नहीं मिला और मेरा पुराना पद भी खत्म कर दिया गया।
कुशीनगर में पद देने के नाम पर एक अलग ही खेल चल रहा है। यहां बिस्तर गर्म करो, पैसा दो और पद हासिल करो। आज उसी खेल का शिकार मैं भी हो गई हूं।'
ये आरोप कुशीनगर भाजपा की पूर्व जिला मीडिया प्रभारी पूनम जायसवाल ने लगाए हैं। उन्होंने बुधवार को एक वीडियो जारी कर भाजपा महिला मोर्चा की नई जिला कार्यसमिति की सूची जारी होने के बाद संगठन में पदों के बंटवारे पर गंभीर सवाल उठाए।
पूनम जायसवाल ने कहा, "मेरे पास इतना पैसा नहीं था कि पैसे के दम पर पद हासिल कर सकूं। मेरे पास सिर्फ मेहनत, संघर्ष और सम्मान था। इसी के आधार पर मैं राजनीति में काम कर रही थी। मेरे पास न तो किसी को देने के लिए पैसा था और न ही इस तरह का कोई समझौता करने की इच्छा। इसलिए मुझे पद नहीं मिला। पूरी पार्टी खराब नहीं है। मोदी-योगी भी खराब नहीं हैं, लेकिन कुशीनगर में जो रामलीला और रासलीला चल रही है, उस पर सवाल उठना जरूरी है।"
महिला मोर्चा की पूर्व मीडिया प्रभारी पूनम जायसवाल ने कहा- "आज एक-एक व्यक्ति से पूछ लीजिए, शायद ही कोई ऐसा होगा जो पूनम जायसवाल को नहीं जानता होगा। इसके बावजूद मेहनत करने वाले और समर्पित कार्यकर्ताओं को किनारे कर दिया गया। मैं कट्टर भाजपाई रही हूं, लेकिन स्थानीय संगठन के कुछ लोगों की कार्यप्रणाली ने मुझे बगावत करने के लिए मजबूर कर दिया है। इसके लिए जिम्मेदार भी यही लोग हैं।"