नाशिक में दर्दनाक हादसा, प्रेशर गन से निकला कील सीधे दिल में घुसा; युवक की मौत

0 India100news

 नाशिक में दर्दनाक हादसा, प्रेशर गन से निकला कील सीधे दिल में घुसा; युवक की मौत



महाराष्ट्र के नाशिक में एक बेहद दर्दनाक हादसे में 39 वर्षीय युवक की जान चली गई. प्लाईवुड के काम में इस्तेमाल होने वाली प्रेशर गन से अचानक निकला कील युवक के सीने में जा घुसा और दिल तक पहुंच गया.


गंभीर रूप से घायल युवक को तत्काल निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बावजूद उसे बचाया नहीं जा सका. इलाज के दौरान रात करीब 12 बजे उसकी मौत हो गई.


यह हादसा नाशिक के सिडको इलाके में स्टेट बैंक चौक परिसर स्थित लिकर कट्टा वाइन शॉप में हुआ. मृतक की पहचान सुनील अनिल तायडे (39) के रूप में हुई है. जानकारी के मुताबिक, वाइन शॉप में प्लाईवुड से जुड़ा काम किया जा रहा था. इस दौरान लकड़ी में कील लगाने के लिए प्रेशर गन का इस्तेमाल किया जा रहा था.


सीने में लगा कील


बताया जा रहा है कि रात करीब सात बजे काम के दौरान प्रेशर गन से अचानक एक कील निकला और सीधे सुनील के सीने में जा लगा. कील की चोट इतनी गंभीर थी कि वह सीने को भेदते हुए दिल तक पहुंच गया. अचानक हुए इस हादसे से मौके पर मौजूद लोग घबरा गए. सुनील की हालत तेजी से बिगड़ने लगी.


घटना के तुरंत बाद उन्हें बिना देर किए नजदीकी निजी अस्पताल पहुंचाया गया. वहां डॉक्टरों ने उनका इलाज शुरू किया. हालांकि, कील के दिल तक पहुंचने के कारण उनकी स्थिति बेहद नाजुक बनी हुई थी. चिकित्सकों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन रात करीब 12 बजे इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई.


काम के दौरान हुआ हादसा


इस घटना की खबर फैलते ही सिडको के स्टेट बैंक चौक और आसपास के इलाके में सनसनी फैल गई. जिस उपकरण का इस्तेमाल आमतौर पर प्लाईवुड और लकड़ी के काम में किया जाता है, उसी से निकले एक कील ने युवक की जान ले ली. हादसे ने मौके पर मौजूद लोगों को भी स्तब्ध कर दिया.


फिलहाल, यह घटना काम के दौरान प्रेशर गन से अचानक कील निकलने के कारण हुई. हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और उपकरण में कोई तकनीकी खराबी थी या नहीं, इसकी विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है. 39 वर्षीय सुनील की असमय मौत से परिजनों और परिचितों में शोक का माहौल है.

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

About Us

Developers. Simple and elegant themes for making it more comfortable