पीलीभीत के पूरनपुर में नकली सोने के आभूषणों पर असली जैसा हॉलमार्क लगाने वाला गिरोह पकड़ा, छह गिरफ्तार
हॉलमार्क बनाने की मशीन और उपकरण बरामद, नकली आभूषणों पर 18 कैरेट का फर्जी हॉलमार्क लगाकर बैंक से गोल्ड लोन लेने की थी योजना
पूरनपुर पीलीभीत यूपी। नकली सोने के आभूषणों पर असली जैसा हॉलमार्क लगाकर बैंकों से गोल्ड लोन लेने वाले गिरोह का पूरनपुर पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह के छह सदस्यों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से नकली सोने के आभूषण, हॉलमार्क लगाने वाली मशीन और अन्य उपकरण बरामद किए हैं। बरामद आभूषणों पर 18 कैरेट का हॉलमार्क अंकित था, जबकि जांच में उनमें सोने की मात्रा मात्र 3.03 प्रतिशत पाई गई।
पुलिस के मुताबिक पांच नवंबर 2026 को थाना पूरनपुर पुलिस ने यह कार्रवाई की गई। मामले की शुरुआत भारतीय स्टेट बैंक की स्टेशन रोड शाखा से हुई, जहां दो व्यक्ति गोल्ड लोन लेने पहुंचे थे। बैंक में इकरार ने खाता खुलवाया और सोने के आभूषण जमा कर गोल्ड लोन लेने का प्रयास किया। बैंक अधिकारियों ने आभूषणों की जांच कराई तो वे नकली निकले। हैरानी की बात यह थी कि नकली आभूषणों पर 18 कैरेट का हॉलमार्क भी अंकित था।
इस संबंध में बैंक के रोकड़ अधिकारी महेश चंद्र गंगवार की तहरीर पर थाना पूरनपुर में इकरार पुत्र नियामत निवासी हरिपुर उर्फ हरियापुर थाना सेहरामऊ उत्तरी तथा आदेश वर्मा पुत्र मुकुंदराम वर्मा निवासी मोहल्ला साहूकारा, पूरनपुर के खिलाफ मुकदमा अपराध संख्या 459/2026 धारा 318(4)/338 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से एक हार, एक पेंडल और चार कंगन बरामद किए। इन सभी पर 18 कैरेट का हॉलमार्क अंकित था। मशीन से हॉलमार्क की जांच और आभूषणों की गुणवत्ता की पड़ताल कराने पर सोने की मात्रा मात्र 3.03 प्रतिशत निकली। हार का वजन 21.97 ग्राम, पेंडल का 4.67 ग्राम और चार कंगनों का कुल वजन 39.96 ग्राम पाया गया।
पूछताछ में खुला फर्जी हॉलमार्क का खेल
पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे नकली आभूषणों पर 18 कैरेट का फर्जी हॉलमार्क लगवाकर उन्हें असली सोना बताकर बैंकों में गोल्ड लोन लेने का प्रयास करते थे। इस काम में उनके अन्य साथी इसरार और सुशील वर्मा उर्फ गुड्डू वर्मा भी शामिल थे। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया। इसरार के कब्जे से 4.56 ग्राम वजन की पीली धातु की एक जोड़ी झुमकी तथा सुशील वर्मा के कब्जे से 4.76 ग्राम वजन का एक टीका बरामद हुआ। इन पर भी 18 कैरेट का हॉलमार्क अंकित था।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि नकली आभूषणों पर असली जैसा हॉलमार्क लगाने का काम अखिल कुमार उर्फ मनोज कुमार के माध्यम से कराया जाता था। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर मोहल्ला शेखचांद निवासी अखिल कुमार उर्फ मनोज कुमार को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने बताया कि नकली आभूषणों पर हॉलमार्क लगाने के लिए वह उन्हें विशाल के घर ले गया था, जहां हॉलमार्क बनाने वाली मशीन लगी हुई थी।
इसके बाद पुलिस ने विशाल को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से नकली आभूषणों पर असली जैसा हॉलमार्क अंकित करने वाली मशीन और अन्य उपकरण बरामद किए।
पुलिस ने सभी छह आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी कर उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश करने की प्रक्रिया की।
#पीलीभीत #Pilibhit #puranpur #पूरनपुर #CrimeNews पुलिस अधीक्षक पीलीभीत #UPPolice
