पत्नी ने पकड़े रखा पति का हाथ, ससुर ने सिलबट्टे से कुचल दिया सिर, दीपावली की रात दामाद की हत्या, 12 साल के बेटे ने खोला राज
कानपुर दीपावली की रात जिस घर में खुशियां होनी चाहिए थीं, वहां पारिवारिक विवाद ने खूनी रूप ले लिया. अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र के कमीर गांव में पत्नी और बच्चों को वापस ले जाने पहुंचे 35 वर्षीय युवक की हत्या कर दी गई. आरोप है कि विवाद के दौरान पत्नी ने पति को पकड़ लिया और ससुर ने सिलबट्टे से उसके सिर पर कई वार कर दिए.
गंभीर चोटों के चलते युवक की मौके पर ही मौत हो गई. वारदात के बाद पूरी रात शव घर में पड़ा रहा. सुबह ससुर ने खुद पुलिस को फोन कर दामाद की मौत की सूचना दी.
12 साल के बेटे ने बताई वारदात की कहानी
सूचना पर पहुंची पुलिस ने जब परिवार के लोगों से पूछताछ की तो मृतक के 12 वर्षीय बेटे अमित ने ऐसी जानकारी दी, जिससे पूरे मामले का खुलासा हो गया. बेटे ने पुलिस को बताया कि नाना ने उसके पिता की हत्या की है और इस दौरान मां ने पिता को पकड़ रखा था. बच्चे के बयान के बाद पुलिस ने आरोपी ससुर और मृतक की पत्नी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी.
15 साल पहले हुई थी शादी
शिवली निवासी रिंकू की शादी करीब 15 साल पहले कमीर गांव के शिवनारायण कश्यप की बेटी सुनीता से हुई थी. रिंकू की उम्र 35 वर्ष, जबकि उसके ससुर शिवनारायण की उम्र करीब 60 वर्ष बताई गई है. दंपती के चार बेटे हैं. इनमें अमित 12 वर्ष, सुमित नौ वर्ष, ऋतिक सात वर्ष और वतन पांच वर्ष का है. रिंकू खेतों में मजदूरी और खेती का काम करके परिवार का पालन-पोषण करता था.
20 दिन से मायके में रह रही थी पत्नी
जानकारी के मुताबिक, कमीर गांव में सुनीता अपने पिता के घर रह रही थी. वहां ससुर के अलावा उसका भाई और भाभी भी रहते हैं. पड़ोसियों के अनुसार, सुनीता की तबीयत पिछले कुछ दिनों से खराब थी. इसी वजह से वह करीब 20 दिन पहले मायके चली आई थी. रविवार को रिंकू पत्नी और बच्चों को वापस घर ले जाने के लिए ससुराल पहुंचा था.
आधी रात को बढ़ा विवाद, फिर हुआ हमला
ग्रामीणों के मुताबिक, रात करीब 11:30 बजे रिंकू और सुनीता के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हो गई. विवाद बढ़ने पर शिवनारायण भी बीच में आ गया. इसके बाद दामाद और ससुर के बीच भी तीखी बहस होने लगी और मामला हाथापाई तक पहुंच गया. देर रात तक घर से शोर-शराबे की आवाजें आती रहीं. सुबह पुलिस पहुंची तो युवक की हत्या का मामला सामने आया.
बेटे ने बताया कैसे हुई पिता की हत्या
मृतक के 12 वर्षीय बेटे अमित ने पुलिस को बताया कि पहले उसके माता-पिता के बीच झगड़ा हुआ था. इसके बाद पिता और नाना के बीच विवाद होने लगा. बच्चे के मुताबिक, नाना शराब पीने चले गए थे. वापस लौटने के बाद फिर झगड़ा शुरू कर दिया. मामा और मामी ने दोनों को समझाने की कोशिश की, लेकिन विवाद शांत नहीं हुआ. आरोप है कि इसी दौरान मां ने पिता को पकड़ लिया और नाना ने सिलबट्टे से उनके सिर पर वार कर दिया. पिता जमीन पर गिर पड़े और फिर नहीं उठे.
ससुर और पत्नी से पूछताछ कर रही पुलिस
थाना प्रभारी हरमीत सिंह के मुताबिक, पति-पत्नी के बीच विवाद के दौरान ससुर ने दामाद पर हमला किया, जिससे उसकी मौत हो गई. घटना के बाद ससुर ने खुद फोन करके पुलिस को जानकारी दी थी. मृतक के बेटे के बयान के आधार पर ससुर और पत्नी को हिरासत में लिया गया है. दोनों से पूछताछ कर मामले की जांच की जा रही है.
