Type Here to Get Search Results !

कोई टाइटल नहीं

0

 विधायक अनंत सिंह से अमीर निकलीं उनकी पत्नी, लैंड क्रूजर-दिल्ली में महंगे घर से लेकर घोड़ा तक; 100 करोड़ की दौलत में क्या-क्या


बिहार के मोकामा से विधायक अनंत सिंह इन दिनों अपने घर में बज रही शहनाइयों को लेकर चर्चा में हैं. 25 नवंबर को उनकी छोटी बेटी शिवांगी सिंह की शादी है. बाढ़ अनुमंडल के नदवां गांव में इस शाही शादी की भव्य तैयारियां जोरों पर हैं.


इसी आयोजन में अनंत सिंह अपने छोटे बेटे अभिनव का उपनयन (जनेऊ) संस्कार भी कर रहे हैं. इस भव्य समारोह की चर्चाओं के बीच, एक बार फिर विधायक अनंत सिंह की संपत्ति और उनके ठाठ-बाट सुर्खियों में आ गए हैं. आइए जानते हैं कि अनंत सिंह और उनकी पत्नी नीलम देवी कुल कितनी दौलत के मालिक हैं और उनकी संपत्ति में क्या-क्या शामिल है, जिससे उनकी कमाई होती है.


100 करोड़ के पार दौलत, पत्नी ज्यादा अमीर


बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान चुनाव आयोग को दिए हलफनामे के मुताबिक, अनंत सिंह और उनकी पत्नी नीलम देवी के पास कुल 100.61 करोड़ रुपये की संपत्ति है. दिलचस्प बात यह है कि दौलत के मामले में पत्नी नीलम देवी विधायक पति से आगे हैं. अनंत सिंह के पास करीब 37.88 करोड़ (26.66 करोड़ की चल और 11.22 करोड़ की अचल) की संपत्ति है, जबकि नीलम देवी के नाम पर 62.72 करोड़ रुपये (13.07 करोड़ की चल और 49.65 करोड़ की अचल) की संपत्ति है.


3 बड़ी कंस्ट्रक्शन कंपनियों में इन्वेस्टमेंट


अनंत सिंह और उनकी पत्नी का रियल एस्टेट और कंस्ट्रक्शन सेक्टर में तगड़ा दबदबा है. पटना के पॉश इलाके फ्रेजर रोड पर द मॉल बनाने वाली कंपनी दर्प (Darp) कंस्ट्रक्शन में अनंत सिंह की 34.37% हिस्सेदारी है. इसमें उनका 10.18 करोड़ रुपये का निवेश है. वहीं, नीलम देवी राजनंदनी प्रोजेक्ट्स और एसएसजीसी कंस्ट्रक्शन की पार्टनर हैं. ये कंपनियां दिल्ली-NCR में बड़े कॉमर्शियल और रेजिडेंशियल प्रोजेक्ट्स पर काम करती हैं


लैंड क्रूजर, लग्जरी गाड़ियां और हाथी-घोड़ों का शौक


अनंत सिंह का गैरेज किसी शानदार कार शोरूम से कम नहीं है. उनके पास 2.70 करोड़ रुपये की टोयोटा लैंड क्रूजर ZX के अलावा फॉर्च्यूनर और XUV 500 जैसी गाड़ियां हैं. वहीं, नीलम देवी भी इनोवा क्रिस्टा, फॉर्च्यूनर और महिंद्रा थार की मालकिन हैं. दोनों की गाड़ियों की कुल कीमत ही 4 करोड़ रुपये के पार है. लग्जरी गाड़ियों के अलावा, अनंत सिंह को जानवरों का भी बहुत शौक है. उनके पास घोड़े, हाथी, गाय और भैंस भी हैं, जिनकी कीमत करीब 1.90 लाख रुपये बताई गई है. उनका बग्घी से विधानसभा पहुंचने का अंदाज भी खूब सुर्खियां बटोर चुका है.


सोना-चांदी और शेयर बाजार में करोड़ों का निवेश


पति-पत्नी के पास कुल 86.61 लाख रुपये का सोना और चांदी है. अनंत सिंह के पास 150 ग्राम (करीब 15 लाख) और पत्नी के पास 701 ग्राम (करीब 62.16 लाख) सोने के गहने हैं. इसके अलावा 6.3 किलो चांदी भी है. निवेश के मामले में भी यह परिवार पीछे नहीं है. हलफनामे के अनुसार, अनंत सिंह ने बॉन्ड, शेयर बाजार और अलग-अलग कंपनियों में करीब 10.40 करोड़ रुपये का निवेश किया हुआ है, जबकि नीलम देवी के नाम पर 21 लाख रुपये का इन्वेस्टमेंट है.


दिल्ली के GK-2, नोएडा से लेकर गुरुग्राम तक प्रॉपर्टी


जमीन और मकान के मामले में इनका पोर्टफोलियो काफी बड़ा है. पटना, नदवां से लेकर दिल्ली, नोएडा और गुरुग्राम तक इनकी संपत्तियां फैली हुई हैं. पति-पत्नी दोनों के पास करीब 26 करोड़ रुपये की कृषि और गैर-कृषि योग्य जमीनें हैं, जिसमें 90% हिस्सा (करीब 24 करोड़) नीलम देवी के नाम पर है.


पटना के फ्रेजर रोड पर अनंत सिंह की 10 करोड़ रुपये की कॉमर्शियल बिल्डिंग है. इसके अलावा नीलम देवी के नाम पर पटना के कई पॉश इलाकों और गुरुग्राम में प्रॉपर्टी है. इनकी कॉमर्शियल इमारतों की मौजूदा मार्केट वैल्यू करीब 24 करोड़ रुपये आंकी गई है.


नदवां में अनंत सिंह का घर है, तो वहीं नीलम देवी के नाम पर पटना के वैष्णवी दयानंद अपार्टमेंट और दिल्ली के सबसे पॉश इलाकों में शुमार ग्रेटर कैलाश-2 (GK-2) में शानदार फ्लैट है. इनकी कुल कीमत 3.69 करोड़ रुपये से ज्यादा है.


संपत्ति के साथ 26 करोड़ का कर्ज भी


करोड़ों की दौलत के मालिक इस परिवार पर बैंकों और अन्य देनदारियों का कर्ज भी है. हलफनामे के मुताबिक, अनंत सिंह पर 2.47 करोड़ रुपये और उनकी पत्नी नीलम देवी पर 23.51 करोड़ रुपये का कर्ज है. यानी दोनों पर कुल मिलाकर करीब 26 करोड़ रुपये की देनदारी भी है.

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

About Us

India100News is a digital news platform committed to delivering fast, reliable, accurate and relevant news from every corner of India. Our mission is to keep citizens informed with the latest developments and stories that matter. We cover national news, state news, politics, business, education, technology, sports, entertainment, lifestyle and local community updates