****करवाचौथ से पहले पति की हत्या
की साजिश, पत्नी और जिम ट्रेनर प्रेमी गिरफ्तार*****
गाजियाबाद।करवाचौथ से पहले गाजियाबाद के वसुंधरा सेक्टर-1 में पति पर जानलेवा हमले का मामला सामने आया है। पुलिस के मुताबिक पोस्टल विभाग में सीनियर अकाउंटेंट शशांक कंथारिया (35) पर उनकी पत्नी प्रिया शर्मा के जिम ट्रेनर प्रेमी प्रताप सिंह ने घर में घुसकर चाकू से ताबड़तोड़ वार किए। हमले में शशांक गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने पत्नी और उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। मामले में दोनों पर हत्या की साजिश रचने और जानलेवा हमले के आरोप हैं। इंदिरापुरम थाना क्षेत्र के वसुंधरा सेक्टर-1 निवासी शशांक कंथारिया अपनी पत्नी प्रिया और साढ़े तीन साल की बेटी के साथ रहते हैं। पुलिस के अनुसार, सोमवार तड़के करीब साढ़े पांच बजे प्रताप सिंह उनके घर पहुंचा। आरोप है कि घर में दाखिल होने के बाद उसने शशांक पर चाकू से करीब 12 वार किए। उस समय घर में उनकी छोटी बेटी भी मौजूद थी। हमले के दौरान शशांक ने बचाव की कोशिश की और किसी तरह घर से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। शोर सुनकर आसपास के लोगों ने प्रताप को पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दी। घायल शशांक को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। एसीपी इंदिरापुरम सूर्यबली मौर्य के अनुसार, शशांक मूलरूप से झांसी के रहने वाले हैं। पति-पत्नी दोनों दिल्ली के पोस्टल विभाग में सीनियर अकाउंटेंट के पद पर तैनात हैं। पुलिस पूछताछ में आरोपित प्रताप सिंह ने बताया कि प्रिया करीब आठ महीने से उसके जिम में आती थी। इसी दौरान दोनों की दोस्ती हुई और बाद में उनके बीच संबंध बन गए। पुलिस के मुताबिक दोनों शादी करना चाहते थे और अक्सर एक-दूसरे के फ्लैट पर मिलते थे। आरोप है कि शशांक को दोनों के संबंधों की जानकारी हो गई थी। उन्होंने इसका विरोध किया था और दिवाली के बाद मकान बदलने का फैसला किया था। पुलिस का कहना है कि इसी बात से नाराज होकर प्रिया और प्रताप ने शशांक की हत्या की साजिश रची।
!!दरवाजा खुला छोड़कर जिम गई पत्नी!!
पुलिस के अनुसार, 25 अक्टूबर को दोनों ने हत्या की योजना बनाई थी। आरोप है कि सोमवार तड़के प्रिया घर का दरवाजा बंद किए बिना कार से जिम चली गई। इसके बाद प्रताप घर में दाखिल हुआ और शशांक पर हमला कर दिया। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल चाकू बरामद करने की बात कही है। हमले में शशांक के गले पर गहरे घाव आए हैं और उनकी जीभ भी कट गई है। परिजनों के मुताबिक, बुधवार को उनकी सर्जरी की गई थी। कुछ देर के लिए उन्होंने आंखें खोलीं, लेकिन बाद में फिर बेहोशी की हालत में चले गए। अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है और परिवार उनकी हालत को लेकर चिंतित है। शशांक के भाई की शिकायत पर पुलिस ने प्रिया शर्मा और प्रताप सिंह के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की। पुलिस ने दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। पुलिस मामले में हत्या की साजिश और जानलेवा हमले से जुड़े आरोपों की जांच कर रही है।
.jpg)
