*पत्नी की हत्या कर शव जलाया, हड्डियां यमुना में फेंकी गुमशुदगी की शिकायत देकर पुलिस को गुमराह करने की कोशिश, पूछताछ में खुला राज*

India100news
0

 ****पत्नी की हत्या कर शव जलाया, हड्डियां यमुना में फेंकी गुमशुदगी की शिकायत देकर पुलिस को गुमराह करने की कोशिश, पूछताछ में खुला राज*****



आगरा। अछनेरा थाना क्षेत्र में पति ने पत्नी की हत्या करने के बाद शव को घर के पीछे टिनशेड में जला दिया। इसके बाद सबूत मिटाने के लिए हड्डियां यमुना में फेंक दीं। वारदात पर पर्दा डालने के लिए आरोपी मंगलवार रात थाने पहुंचा और पत्नी के लापता होने की शिकायत दर्ज करा दी। मायकेवालों की शिकायत और पुलिस की जांच में मामला खुल गया। पुलिस ने बुधवार को पति को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उसने हत्या की बात स्वीकार कर ली। उसकी निशानदेही पर यमुना किनारे से हड्डियां और पत्नी का मोबाइल बरामद किया गया है। कुकथला गांव निवासी लोकेंद्र (32) की शादी वर्ष 2022 में अकबरा निवासी चांदनी (30) से हुई थी। दोनों की दो वर्ष की बेटी है। पुलिस के अनुसार, मंगलवार शाम घरेलू विवाद के दौरान लोकेंद्र ने पत्नी की हत्या कर दी। इसके बाद शव को घर के पीछे बाड़े में ले जाकर जला दिया। आरोपी ने अपना मोबाइल बंद कर घर में रख दिया, जबकि पत्नी का मोबाइल सिकंदरा क्षेत्र में फेंक दिया। इसके बाद रात में वह अछनेरा थाने पहुंचा और पत्नी के घर से लापता होने की शिकायत कर दी। इसी बीच चांदनी के मायकेवाले भी थाने पहुंच गए। उन्होंने पति और ससुरालवालों पर बेटी को परेशान करने का आरोप लगाते हुए उसकी तलाश की मांग की। मायकेवालों ने पुलिस को बताया कि लोकेंद्र अक्सर चांदनी से मारपीट करता था। बुधवार को पुलिस गांव पहुंची और जांच शुरू की। चांदनी की दो वर्षीय बेटी एक दुकान के बाहर खेलती मिली। घर और आसपास की परिस्थितियां संदिग्ध मिलने पर पुलिस का शक गहरा गया। फोरेंसिक टीम को मौके पर बुलाकर साक्ष्य जुटाए गए। पूछताछ में लोकेंद्र ने पत्नी की हत्या और शव जलाने की बात स्वीकार कर ली। एसीपी अछनेरा शैलेंद्र सिंह ने बताया कि चांदनी के भाई मनोज की शिकायत पर गुमशुदगी दर्ज की गई थी। पति से पूछताछ में हत्या की बात सामने आई। उसकी निशानदेही पर शव के अवशेष और मोबाइल फोन बरामद कर लिया गया है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
To Top