Type Here to Get Search Results !

त्योहारों में सुरक्षा के समुचित प्रबंध करें – मुख्यमंत्री वर्षा से क्षतिग्रस्त सड़कों में 15 नवंबर तक कराएं सुधार

0

 त्योहारों में सुरक्षा के समुचित प्रबंध करें – मुख्यमंत्री


वर्षा से क्षतिग्रस्त सड़कों में 15 नवंबर तक कराएं सुधार



सिंगरौली, 21 अक्टूबर 2026। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कमिश्नर्स, कलेक्टर्स तथा अन्य अधिकारियों को निर्देश दिए कि आगामी एक माह में होने वाले पर्व और त्योहारों के दौरान सुरक्षा के समुचित प्रबंध किए जाएं। यातायात प्रबंधन पर विशेष ध्यान देने के साथ बिजली की सुचारू आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। दीपावली के दौरान पटाखा विक्रय स्थलों पर अग्निशमन की पूरी व्यवस्था रखने और अस्पतालों में बर्न वार्ड की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। गंभीर मरीजों को आवश्यकता पड़ने पर तत्काल एयर एम्बुलेंस की सुविधा उपलब्ध कराकर उपचार सुनिश्चित करने को कहा।


मुख्यमंत्री ने बताया कि स्वामित्व योजना के तहत अब तक एक लाख 60 हजार 220 प्रकरणों का पंजीयन हो चुका है। उन्होंने इंदौर, अनूपपुर और धार जिले के कलेक्टर्स को योजना पर विशेष ध्यान देने तथा शून्य प्रगति वाले पटवारियों को चिन्हित कर उचित कार्रवाई करने के निर्देश दिए। प्रदेश के 12 जिलों में सामान्य से कम वर्षा होने के कारण संबंधित कलेक्टर्स को पेयजल व्यवस्था और कम पानी वाली फसलों की योजना तत्काल तैयार करने तथा फसल अनावरी की जानकारी तीन दिन में पोर्टल पर अपलोड कराने को कहा।


मुख्यमंत्री ने खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर नियमित जांच कराने और मिलावट करने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। मौसम में बदलाव के कारण सर्दी, खांसी, वायरल और अन्य बीमारियों के नियंत्रण के लिए समुचित प्रबंधन करने को कहा। उन्होंने वर्षा से क्षतिग्रस्त सड़कों में 15 नवंबर तक सुधार कराने तथा शहरी क्षेत्रों की सड़कों पर भी विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।


मुख्यमंत्री ने कहा कि 31 अक्टूबर को लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाई जाएगी। इस अवसर पर राष्ट्रीय एकता की शपथ सहित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएं। प्रदेश का स्थापना दिवस एक नवंबर को मनाया जाएगा। मुख्य समारोह भोपाल के लाल परेड मैदान में आयोजित होगा, जबकि सभी जिला मुख्यालयों में भी स्थापना दिवस उल्लास के साथ मनाते हुए सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएं।


मुख्यमंत्री ने उन्नत दुधारू पशुपालकों को दिए जाने वाले गोपाल कृष्ण ग्राम पुरस्कार का समुचित प्रचार-प्रसार कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रदेश में खाद की पर्याप्त उपलब्धता है और कलेक्टर्स खाद वितरण पर निगरानी रखें। ई-टोकन के माध्यम से पंजीकृत महिला किसान द्वारा नामित परिवार के सदस्य को भी टोकन पर खाद उपलब्ध कराई जाए। कलेक्टर्स विभिन्न किसान संघों और अन्य संगठनों के साथ बैठक कर त्योहारों के दौरान सुरक्षा एवं खाद वितरण की व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में नरवाई प्रबंधन के संबंध में भी निर्देश दिए गए।


बैठक में मुख्य सचिव अशोक वर्णवाल सहित वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे। कलेक्ट्रेट के एनआईसी केंद्र से कलेक्टर अंकित अस्थाना, पुलिस अधीक्षक सियाज के.एम., जिला पंचायत सीईओ संघप्रिय, अपर कलेक्टर पी.एस. त्रिपाठी, नगर निगम आयुक्त सविता प्रधान, उप संचालक कृषि मनोज सिंह तथा अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

About Us